बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं, लेकिन वो अपने पीछे कई काम अधूरे छोड़ गए हैं। विदेश से कैंसर का इलाज कराकर वापस भारत लौटने के बाद उन्होंने फिल्मों में वापसी की थी। इमरान हाशमी के साथ 'द बॉडी' मूवी में काम किया था। इसके बाद वो एक और फिल्म 'शर्मा जी नमकीन' की शूटिंग कर रहे थे, जो अगले साल रिलीज हो सकती है।
ऋषि कपूर की कुछ फोटोज सामने आई हैं, जो 'शर्मा जी नमकीन' फिल्म के सेट की बताई जा रही है। इसमें ऋषि संग एक्ट्रेस जूही चावला भी काम कर रही थीं। लॉकडाउन से पहले जनवरी महीने में ही इसकी शूटिंग दिल्ली में हुई थी।
रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट इस फिल्म को अगले साल रिलीज कर सकता है। फिल्म की शूटिंग का कुछ हिस्सा अभी भी बाकी है। हालांकि, ऋषि कपूर की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी थी।
इस फिल्म में 60 साल के जिंदादिल शख्स की कहानी दिखाई गई है, जिसे हल्के-फुल्के तरीके से पेश किया गया है।
गौरतलब है कि 30 अप्रैल 2020 को ऋषि कपूर का निधन हुआ। उन्हें सेहत में दिक्कत होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार के कुछ ही सदस्यों की मौजूदगी में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। उनके घरवालों ने भी फैंस को लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील की थी।
इनपुट: जोइता मित्रा सुवर्णा