विद्या बालन, संजय दत्त, सैफ अली खान, राइमा सेन, दीया मिर्जा जैसे सितारों से सजी फिल्म 'परिणीता' की रिलीज को 15 साल पूरे हो गए हैं। शरतचंद्र की कहानी पर बनी 'परिणीता' कोलकाता परंपरा को शामिल कर सुंदर दृश्यों के साथ बनाई गई थी। फिल्म 'परिणीता' से ही विद्या बालन ने हिंदी फिल्मों में कदम रखा था। हालांकि इससे पहले टीवी और बंगाली फिल्मों में काम कर चुकी थीं।
फिल्म की रिलीज की को 15 साल होने पर अभिनेत्री विद्या बालन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म से जुड़ी तमाम बीटीएस पिक्चर्स शेयर की हैं।
इस ख़ुशी के मौके पर विद्या ने लिखा, ''ललिता जैसे शेखकर की बेटर हाफ थी, उससे पहले से जब दुनिया नहीं जानती थी। वैसे ही तुम भी मेरी थी... लेकिन 10 जून 2005 को मैं तुम्हारी परिणीता बनी। मैं तब भी तुमसे प्यार करती थी, मैं अब भी तुमसे प्यार करतीं और हमेशा प्यार करती रहूंगी। मेरे प्यारे सिनेमा। उन सभी का शुक्रिया जिन्हें भरोसा था कि यह शादी चलेगी। तहे दिल से शुक्रिया।''
आपको शायद ना पता हो लेकिन विद्या बालन ने अपनी डेब्यू फिल्म परिणीता के लिए 60 से ज्यादा स्क्रीन टेस्ट दिए थे।
परिणीता से पहले विद्या ने कई म्यूजिक वीडियो और कई एड फिल्म्स और टीवी सीरियल्स में काम किया था, लेकिन विद्या को बॉलीवुड में लाने में मदद की थी निर्देशक प्रदीप सरकार ने, और विधु विनोद चोपड़ा के प्रोडक्शन में बनी फिल्म परिणीता से विद्या ने डेब्यू किया था।
विद्या ने अपनी जर्नी के बारे में एक बार बताते हुए कहा था, "मैं विज्ञापनों में काम कर रही थी और मैंने कुछ साउथ इंडियन फिल्में भी साइन की थीं, लेकिन मेरी फर्स्ट साउथ मूवी बीच में ही बंद हो गई और दूसरे निर्देशकों ने भी मुझे अपनी फिल्मों से बाहर निकाल दिया था। इसके बाद मैंने म्यूजिक वीडियोज में काम किए, फिर दादा (प्रदीप सरकार) ने कहा कि वो मेरे साथ फिल्म बनाएंगे।''
परिणीता फिल्म ललिता और शेखर के इर्द-गिर्द घूमती है। बचपन से, शेखर और ललिता दोस्त रहते हैं और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल जाती है। बाद में शेखर के पिता की योजनाओं की वजह से दोनों गलतफहमी का शिकार हो जाते हैं और अलग हो जाते हैं।
फिल्म में भारतीय साहित्य और सिनेमा के लिए कई उल्लेखनीय आकर्षण हैं। पूर्व-रिलीज़ अवरोधों के बावजूद, इसे आलोचकों की प्रशंसा मिली और फिल्म ने चार फिल्मफेयर पुरस्कार जीते। प्रदीप सरकार ने बेस्ट डेब्यू फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता। परिणीता को कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में दिखाया गया था।
परिणीता में विद्या बालन के रोल को तो तारीफ मिली ही, सैफ अली खान के अभिनय को भी खूब सराहा गया। सैफ की बेहतरीन फिल्मों की बात होती है तो परिणीता का जिक्र जरूर होता है।
दर्शक अब विद्या बालन की आगामी फिल्म शकुंतला देवी का बेसब्री से इंतजार कर रहे है और उम्मीद है कि फिल्म शानदार होगी। हाल ही मेंडिजिटल फेस्टिवल में विद्या बालन अभिनीत एवं निर्मित फ़िल्म नटखट का वर्ल्ड प्रीमियर हुआ , इस शॉर्ट फिल्म के लिए विद्या ने खूब सुर्खियां और प्रशंशा बटोरी है।