Published : Jul 11, 2025 02:01 pm IST, Updated : Jul 11, 2025 02:01 pm IST
1/7Image Source : Instagram
पाकिस्तानी अभिनेत्री हुमैरा असगर अली, कराची स्थित अपार्टमेंट में मृत अवस्था में पाई गईं। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हुमैरा की मृत्यु अक्टूबर 2024 में हुई होने की संभावना जताई जा रही है। कराची पुलिस सर्जन डॉ. सुमैय्या सैयद, जिन्होंने पोस्टमॉर्टम किया ने बताया कि शव पूरी तरह सड़ चुका है। जांचकर्ताओं के अनुसार कॉल रिकॉर्ड्स से पता चला कि उनका मोबाइल फोन आखिरी बार अक्टूबर 2024 में इस्तेमाल हुआ था।
2/7Image Source : Instagram
इसके अलावा सितंबर 2023 के बाद से सोशल मीडिया पर उनकी कोई गतिविधि नहीं देखी गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के पहले से ही संकेत थे कि उनकी मृत्यु को कम से कम एक महीना हो चुका था। पुलिस उप महानिरीक्षक सैयद असद रजा ने बताया, 'कॉल डिटेल रिकॉर्ड के अनुसार हुमैरा की आखिरी कॉल अक्टूबर 2024 में हुई थी।' उन्होंने यह भी कहा कि पड़ोसियों ने उन्हें आखिरी बार सितंबर-अक्टूबर के महीने में देखा था।
3/7Image Source : Instagram
दो पुलिस अधिकारियों ने रिपोर्ट को बताया कि अक्टूबर 2024 में उनके घर की बिजली काट दी गई थी क्योंकि बिल का भुगतान नहीं हुआ था। घर में बिजली का कोई दूसरा स्रोत नहीं था। एक अधिकारी ने कहा, 'हुमैरा का शव लगभग नौ महीने पुराना है। उन्होंने बिजली का बिल नहीं चुकाया था और बिजली भी काट दी गई थी। उनकी मौत इसी बीच हुई होगी। इसके अलावा, घर में मोमबत्ती भी मौजूद नहीं थी।'
4/7Image Source : Instagram
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि उनके घर में रखा खाना महीनों से खराब था, कई जगह जंग लग चुके थे। उन्होंने कहा, 'खाना लगभग छह महीने पहले खराब हो चुका था।' उन्होंने यह भी बताया कि उसी मंजिल पर एक और अपार्टमेंट खाली था, जिससे बदबू पड़ोसियों तक नहीं पहुंची। जब पड़ोसी फरवरी में वापस लौटे तो बदबू कम हो चुकी थी। घर की बालकनी का एक दरवाजा खुला मिला। पानी की सप्लाई करने वाले पाइप सूखे और जंग लगे हुए थे।
5/7Image Source : Instagram
पुलिस ने पहले बताया था कि हुमैरा के परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में उनके भाई नवीद असगर कराची पहुंचे और उन्होंने शव लेने की प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों ने शव की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट भी करवाया क्योंकि शव बुरी तरह सड़ चुका था और पहचानना मुश्किल था। नवीद ने कहा, 'हम कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शव ले गए हैं।'
6/7Image Source : Instagram
नवीद ने मीडिया को बताया कि हुमैरा लगभग सात साल पहले लाहौर से कराची आ गई थीं और परिवार से दूरी बनाए रखती थीं। वे कई महीनों में एक बार ही घर आती थीं और पिछले डेढ़ साल से घर नहीं आई थीं। उन्होंने कहा, 'जब हमें हुमैरा के बारे में खबर मिली और मीडिया से लगातार फोन आने लगे तो हम स्तब्ध रह गए।' नवीद ने यह भी पूछा कि क्या किसी ने मकान मालिक से बात की है, क्योंकि मकान मालिक ने किराया न मिलने की 6 महीने पहले शिकायत दर्ज कराई थी।
7/7Image Source : Instagram
हुमैरा का शव तब मिला जब मकान मालिक ने किराया न देने की शिकायत की थी और पुलिस ने अपार्टमेंट का दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर उनके अवशेष पाए। इस घटना ने न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन पर कई सवाल उठाए हैं, बल्कि यह भी चिंता जताई गई है कि ऐसी परिस्थितियों में किसी की मौत कैसे हो सकती है और परिवार तथा सामाजिक समर्थन का अभाव किस तरह भारी पड़ता है।