लाइफ में एक बार जरूर देखें थलापति विजय की ये 7 फिल्में, 1 ने तो की थी बजट से 5 गुना अधिक कमाई
लाइफ में एक बार जरूर देखें थलापति विजय की ये 7 फिल्में, 1 ने तो की थी बजट से 5 गुना अधिक कमाई
सी. जोसेफ विजय यानी थलापति विजय अपने राजनीतिक करियर की दमदार शुरुआत कर चुके हैं। उन्होंने आज ही तमिनाडु के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजनीति जगत में दमदार आगाज करने वाले विजय फिल्मी दुनिया के कमांडर रहे हैं। इस बीच आपको उनकी सबसे शानदार फिल्मों के बारे में बताते हैं।
Published : May 10, 2026 11:53 am IST, Updated : May 10, 2026 11:53 am IST
1/8Image Source : Instagram/@actorvijay
तमिलनाडु में अब विजय सरकार का आगाज हो चुका है। सुपरस्टार और टीवीके चीफ सी. जोसेफ विजय यानी थलापति विजय ने आज चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजनीति की दुनिया में विजय ने ऐसा धमाकेदार डेब्यू किया है कि फैंस का दिल बाग-बाग हो गया है। विजय ने अपने शानदार एक्टिंग करियर के दम पर दर्शकों के दिलों पर राज किया और अपनी एक 'जन नायक' की इमेज बनाने में सफल रहे। इस बीच आपको विजय की उन सात फिल्मों के बारे में बताते हैं, जिन्हें आपको एक बार जरूर देखना चाहिए और आईएमडीबी पर भी इन्हें शानदार रेटिंग मिली है।
2/8Image Source : youtube/Super Good Films
पूवे उनाक्कागा- 1996 में रिलीज हुई ये एक तमिल भाषा की रोमांटिक कॉमेडी है, जिसकी कहानी विक्रम ने लिखी और निर्देशित किया है और आरबी चौधरी ने प्रोड्यूस की है। फिल्म में विजय के साथ संगीता लीड रोल में हैं। ये फिल्म विजय के करियर की पहली बड़ी सफलता है, जो तमिलनाडु को सिनेमाघरों में 270 दिनों से अधिक समय तक चली थी। ये फिल्म Sun Nxt पर पेड/सब्सक्रिप्शन पर देखने के लिए उपलब्ध है और एयरटेल एक्स्ट्रीम प्ले पर भी देखी जा सकती है। आईएमडीबी पर इस फिल्म को 8.6 रेटिंग मिली है।
3/8Image Source : Instagram/@primevideoin
घिल्ली- 2004 में रिलीज हुई 'घिल्ली' विजय के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से है। साल 2004 में इसने छप्परफाड़ कमाई करते हुए ब्लॉकबस्टर का तमगा हासिल किया। खास बात तो ये है कि विजय की इस फिल्म ने बजट से 5 गुना ज्यादा कमाई की थी। 8 करोड़ में बनी फिल्म ने 50 करोड़ का बिजनेस किया था। वहीं 20 साल बाद जब 2024 में इसे री-रिलीज किया गया तब भी इसने 26.50 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस फिल्म में विजय के साथ तृषा कृष्णन लीड रोल में हैं। अगर आप ये फिल्म देखना चाहते हैं तो ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर इसे देख सकते हैं। आईएमडीबी पर इस फिल्म को 8.2 रेटिंग मिली है।
4/8Image Source : Instagram/@primevideoin
कथ्थी- आईएमडीबी पर 8.1 रेटिंग वाली विजय की इस फिल्म की कहानी एक भागे हुए क्रिमिनल की है, जो एक ऐसे कॉर्पोरेट के खिलाफ खड़ा होता है जो एक गांव पर कब्जे की कोशिश करता है। 70 करोड़ में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 130 करोड़ का कलेक्शन किया था। अगर आप ये फिल्म देखना चाहते हैं तो ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर ये फिल्म मौजूद है।
5/8Image Source : Instagram/@primevideoin
थुपक्की- थलापति विजय और काजल अग्रवाल स्टारर 'थुप्पक्की'की कहानी एक आर्मी कैप्टन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक आतंकवादी गिरोह का पता चलने पर उसे खत्म करने के मिशन में जुट जाता है। एक्शन से लबरेज ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो और जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकती है और इसकी आईएमडीबी रेटिंग की बात करें तो इसे 8.1 रेटिंग मिली है।
6/8Image Source : Instagram/@primevideoin
मास्टर - थलापति विजय और विजय सेतुपति स्टारर 'मास्टर' एक एक्शन ड्रामा है, जिसे आईएमडीबी पर 7.3 रेटिंग मिली है। लोकेश कनगराज द्वारा निर्देशित इस फिल्म में विजय सेतुपति निगेटिव रोल में हैं और थलापति विजय अपने एक्शन और दमदार अभिनय से दर्शकों का पूरा मनोरंजन करते हैं। अगर आप ये फिल्म देखने के इच्छुक हैं तो ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर ये फिल्म देख सकते हैं।
7/8Image Source : Instagram/@actorvijay
लियो- विजय ने कई फिल्मों के जरिए अपना लोहा मनवाया है। जब भी उनकी सबस शानदार फिल्मों की बात आती है, उनमें 'लियो' का नाम जरूर लिया जाता है। ये फिल्म तमिल सिनेमा की बड़ी ब्लॉकबस्टर्स में से एक है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। थलापति विजय के साथ इस फिल्म में संजय दत्त और तृषा कृष्णन जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं और ये ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है। आईएमडीबी पर विजय की इस फिल्म को 7.2 रेटिंग मिली है।
8/8Image Source : Instagram/@primevideoin
बिगिल- एटली कुमार द्वारा निर्देशित इस फिल्म में थलापति विजय के साथ नयनतारा, जैकी श्रॉफ और विवेक जैसे कलाकार हैं। ये एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसमें एक्शन की भी भरमार है। फिल्म की कहानी माइकल रायप्पन (विजय) की कहानी बताती है, जो अपने गैंगस्टर पिता की हत्या कर देता है और इसी के साथ उसका फुटबॉलर बनने का सपना टूट जाता है। अपने इलाके की रक्षा के लिए माइकल डॉन बन जाता है। फिल्म को आईएमडीबी पर 6.7 रेटिंग मिली है और अगर आप ये फिल्म देखना चाहते हैं तो प्राइम वीडियो पर इसका लु्त्फ उठा सकते हैं।