कहीं आपका दोस्त भी तो नहीं है आस्तीन का सांप, धोखा खाने से पहले कर लें ऐसे पता
कहीं आपका दोस्त भी तो नहीं है आस्तीन का सांप, धोखा खाने से पहले कर लें ऐसे पता
दोस्ती एक ऐसा रिश्ता है, जो सबसे करीबी रिश्ता होता है। लेकिन आज हम उन दोस्तों के बारे में बात करेंगे जो दोस्ती का दिखावा करते हैं। ऐसे लोगों को पहचानना मुश्किल होता है। चलिए जानते हैं ऐसे आस्तीन का सांप दोस्तों को कैसे पहचाने?
Published : Jun 08, 2025 12:57 pm IST, Updated : Jun 08, 2025 12:57 pm IST
1/6Image Source : INDIA TV
दोस्ती एक ऐसा रिश्ता है, जो खून का नहीं लेकिन दिल का सबसे करीबी रिश्ता होता है। यह भरोसे, प्यार और बिना शर्त समर्थन का प्रतीक है। इसलिए हर साल 8 जून को नेशनल बेस्ट फ्रेंड्स डे मनाया जाता है। लेकिन आज हम उन दोस्तों के बारे में बात करेंगे जो दोस्ती का दिखावा करते हैं। यानी उनके अंदर ज़हर भरा होता है लेकिन ऊपर से आपके लिए प्यार और हमदर्दी दिखाते हैं। ऐसे लोगों को पहचानना मुश्किल होता है क्योंकि वे अक्सर आपकी भलाई का नाटक करते हैं। चलिए जानते हैं ऐसे आस्तीन का सांप दोस्तों को कैसे पहचाने?
2/6Image Source : social
जलन या ईर्ष्या का रवैया: सच्चे दोस्त आपकी सफलता से खुश होते हैं, लेकिन आस्तीन के सांप दोस्त आपकी तरक्की से जलते हैं। वे आपकी उपलब्धियों को कम आंकने की कोशिश करेंगे या उन पर खुशी जाहिर नहीं करेंगे। जब आप अच्छा कर रहे होंगे तो वे अजीब बर्ताव कर सकते हैं या आपको हतोत्साहित करने की कोशिश कर सकते हैं।
3/6Image Source : social
पीठ पीछे बातें करना: ये सबसे बड़ा संकेत है। अगर आपको पता चलता है कि आपका दोस्त आपके बारे में दूसरे लोगों से या आपकी पीठ पीछे नकारात्मक बातें कर रहा है, तो ये खतरे की घंटी है। सच्चे दोस्त आपकी गोपनीयता बनाए रखते हैं और आपकी गलतियों पर आपसे सीधे बात करते हैं।
4/6Image Source : social
फायदे के लिए दोस्ती निभाना: क्या आपका दोस्त सिर्फ तभी आपसे संपर्क करता है जब उसे आपकी मदद की जरूरत होती है? क्या वे सिर्फ तभी आपके साथ होते हैं जब उन्हें आपसे कोई फायदा हो? अगर ऐसा है, तो उनकी दोस्ती सिर्फ स्वार्थ पर आधारित हो सकती है। सच्चे दोस्त हर हाल में आपके साथ खड़े रहते हैं, चाहे कोई फायदा हो या न हो।
5/6Image Source : social
नीचा दिखाना: आस्तीन के सांप दोस्त अक्सर आपको असुरक्षित महसूस कराने या आपका आत्मविश्वास तोड़ने की कोशिश करते हैं। वे आपकी गलतियों का मज़ाक उड़ा सकते हैं, आपकी क्षमताओं पर सवाल उठा सकते हैं, या आपको दूसरों के सामने शर्मिंदा कर सकते हैं। एक सच्चा दोस्त आपको प्रेरित करता है और आपका समर्थन करता है।
6/6Image Source : social
दूरी बनाना शुरू करें: सबसे पहले, सीधे और शांति से उनसे बात करने की कोशिश करें। अगर बात करने से कोई हल नहीं निकलता और उनका व्यवहार नहीं बदलता, तो धीरे-धीरे उनसे दूरी बनाना शुरू करें। ऐसे दोस्त जो आपको मानसिक या भावनात्मक रूप से नुकसान पहुंचा रहे हैं, उनसे दूर रहना आपकी मानसिक शांति और खुशी के लिए बहुत जरूरी है।