PHOTOS: 160 परिवारों को मिला दीपावली का तोहफा, मुख्यमंत्री योगी ने सौंपी फ्लैट की चाबियां
PHOTOS: 160 परिवारों को मिला दीपावली का तोहफा, मुख्यमंत्री योगी ने सौंपी फ्लैट की चाबियां
गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 160 परिवारों को ‘पाम पैराडाइज’ आवासीय परियोजना के फ्लैट्स की चाबियां सौंपीं। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लिए है।
Published : Oct 10, 2025 05:49 pm IST, Updated : Oct 10, 2025 05:49 pm IST
1/8Image Source : x.com/CMOfficeUP
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में 160 परिवारों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपकर दीपावली के पर्व को और भी खास बना दिया। यह आयोजन गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से देवरिया बाईपास रोड पर स्थित ‘पाम पैराडाइज’ आवासीय परियोजना में हुआ, जहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए बनाए गए फ्लैट्स वितरित किए गए।
2/8Image Source : x.com/CMOfficeUP
160 फ्लैट्स में से 80 फ्लैट्स आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और 80 फ्लैट्स निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए हैं। यह आवासीय परियोजना देवरिया बाईपास रोड पर ‘पाम पैराडाइज’ में स्थित है।
3/8Image Source : x.com/CMOfficeUP
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण की 118 करोड़ रुपये की 50 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य गोरखपुर को और अधिक विकसित और सुविधाजनक बनाना है। यह कदम शहर के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
4/8Image Source : x.com/CMOfficeUP
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा, 'आज 160 परिवारों को यह दीपावली का शुभ उपहार मिल रहा है।' उन्होंने बताया कि एक परिवार में औसतन पांच से छह सदस्य होने पर करीब 700-800 लोग इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। योगी ने इस अवसर को हर परिवार के लिए एक विशेष और यादगार पल बताया।
5/8Image Source : x.com/CMOfficeUP
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जोर देकर कहा कि यह केवल एक आवास नहीं, बल्कि हर परिवार के लिए जीवन का एक महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा, 'एक घर केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि सपनों और सुरक्षा का प्रतीक है। यह परिवारों को स्थायित्व और सम्मान प्रदान करता है।'
6/8Image Source : x.com/CMOfficeUP
‘पाम पैराडाइज’ आवासीय परियोजना आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यह ऊंची इमारत न केवल रहने के लिए आरामदायक है, बल्कि इसके आसपास की लोकेशन भी बेहद आकर्षक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस इमारत के पास रामगढ़ ताल, चिड़ियाघर और खोराबार जैसे खूबसूरत स्थान हैं। साथ ही, कुछ दूरी पर सांसद रवि किशन का आवास भी स्थित है।
7/8Image Source : x.com/CMOfficeUP
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, 'गरीब, रेहड़ी-पटरी वालों, श्रमिक, पत्रकार, अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षक और व्यापारियों हर तबके के लिए समय-समय पर विशेष योजनाएं लाई जाएंगी।'
8/8Image Source : x.com/CMOfficeUP
योगी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के नेतृत्व में देशभर में चार करोड़ गरीबों को मुफ्त आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि केवल उत्तर प्रदेश में ही 60 लाख से अधिक गरीबों को आवास मिल चुके हैं।