दिल्ली-NCR में बारिश से लगा जाम, ओडिशा में अर्नब का कहर जारी, केदारनाथ में हुई बर्फबारी; PHOTOS देखें
दिल्ली-NCR में बारिश से लगा जाम, ओडिशा में अर्नब का कहर जारी, केदारनाथ में हुई बर्फबारी; PHOTOS देखें
देश के कई राज्यों में बारिश जारी है। एक तरफ चक्रवात अर्नब की वजह से ओडिशा में कई इलाके जलमग्न हो गए हैं तो वहीं दूसरी तरफ दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से लोगों को जलभराव और जाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
Published : Oct 30, 2026 02:23 pm IST, Updated : Oct 30, 2026 02:23 pm IST
1/8Image Source : PTI
शुक्रवार सुबह राजधानी में घने बादल छाए रहे। दिल्ली-एनसीआर में रात भर हुई बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव भी देखने को मिला, जिससे जाम की स्थिति बन गई। वहीं कई जगहों पर लोग पानी के बीच से गुजरते हुए देखे गए। दिल्ली में पिछले चार सालों में अक्टूबर के किसी एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई, और 2022 के बाद से इस महीने में अब तक की सबसे अधिक बारिश हुई है।
2/8Image Source : PTI
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए 'रेड' अलर्ट जारी किया है और राजधानी के कई हिस्सों में और बारिश तथा आंधी-तूफान आने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर में 61.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस महीने अब तक कुल 123.3 मिमी बारिश हो चुकी है।
3/8Image Source : PTI
इससे पहले, दिल्ली में अक्टूबर के किसी एक दिन में इससे ज्यादा बारिश 9 अक्टूबर 2022 को दर्ज की गई थी, जब 74 मिमी बारिश हुई थी। उस साल पूरे अक्टूबर महीने में कुल 128 मिमी बारिश हुई थी। इस महीने अभी और बारिश होने की संभावना है, इसलिए कुल बारिश का आंकड़ा उस स्तर तक पहुंच सकता है या उससे भी ज्यादा हो सकता है।
4/8Image Source : PTI
IMD के अनुसार, अगले तीन घंटों में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि कुछ अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के 'रेड' अलर्ट में दक्षिण-पूर्व दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के हिस्से शामिल हैं।
5/8Image Source : PTI
गुरुग्राम में भी भारी बारिश के बाद सुबह-सुबह जलभराव की स्थिति देखने को मिली। झज्जर में 47 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि नारायणा में 44 मिमी बारिश हुई। इसी तरह गाजियाबाद में 5 मिमी और कमला नेहरू नगर में 41 मिमी, गुरूग्राम 36 मिमी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि बारिश की वजह से प्रदूषण से राहत जरूर मिली है।
6/8Image Source : PTI
ओडिशा के गंजम जिले में अर्नब चक्रवात के बाद कई फीट जलभराव देखने को मिला। तस्वीर भंजनगर में चक्रवात 'अर्नब' के बाद बाढ़ प्रभावित इलाके की है। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात 'अर्नब' से राज्य के कई हिस्सों में भारी तबाही मचने के बाद, ओडिशा सरकार ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित गंजाम और आठ अन्य जिलों में बचाव कार्यों के लिए विभिन्न आपदा प्रतिक्रिया एजेंसियों की 300 से अधिक टीमें तैनात कीं। ओडिशा में बाढ़ का पानी घरों में घुस जाने के कारण कुल 59,028 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जिनमें गंजम के 11,882 लोग भी शामिल हैं।
7/8Image Source : PTI
राज्य आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि बचाव कार्यों में 313 टीमें लगी हुई हैं, जिनमें नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की 9, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) की 60 और फायर सर्विस डिपार्टमेंट की 244 टीमें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों में 3,001 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। सुरेश पुजारी ने कहा, "गंजम जिले में सबसे ज्यादा टीमें तैनात की गई हैं - यहां ODRAF की 45 और NDRF की 7 टीमें काम कर रही हैं। इसके बाद गजपति जिले का नंबर आता है, जहां ODRAF की 12 और NDRF की 1 टीम तैनात है।"
8/8Image Source : PTI
उत्तराखंड के केदारनाथ और गंगोत्री जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि यमुनोत्री, हरिद्वार और देहरादून समेत कई अन्य जिलों में लगातार बारिश होती रही। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 30 अक्टूबर के लिए नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। केदारनाथ में तापमान शून्य से नीचे चला गया और वहां 0.4 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई। इससे पहले रुद्रप्रयाग प्रशासन ने मंगलवार को घोषणा की कि केदारनाथ मंदिर के कपाट 11 नवंबर को बंद कर दिए जाएंगे।