Published : Mar 06, 2025 01:31 pm IST, Updated : Mar 06, 2025 01:35 pm IST
1/8Image Source : PTI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड दौरे पर गए। यहां उन्होंने हर्षिल के मुखवा स्थित मुखीमठ में मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद एक ट्रेक और बाइक रैली को झंडी दिखाई और एक सार्वजनिक समारोह में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड में साल भर पर्यटन की पुरजोर वकालत की।
2/8Image Source : PTI
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि इस खूबसूरत पहाड़ी राज्य में कोई ‘ऑफ़ सीजन’ नहीं होना चाहिए और हर सीजन 'ऑन सीज़न' रहे जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को बड़े पैमाने पर मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर पर्यटक सर्दियों में उत्तराखंड आएंगे तो उन्हें उत्तराखंड का असली आनंद मिलेगा।
3/8Image Source : PTI
उन्होंने कहा, ‘‘अपने पर्यटन क्षेत्र को विविधतापूर्ण बनाना और उसे बारहमासी बनाना उत्तराखंड के लिए बहुत जरूरी है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी पहाड़ों में मार्च, अप्रैल और जून में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, लेकिन उसके बाद इनकी संख्या कम हो जाती है। उन्होंने कहा, ‘‘सर्दियों में होमस्टे और होटल खाली पड़े रहते हैं । यह असंतुलन उत्तराखंड में साल के एक बड़े हिस्से में आर्थिक सुस्ती ला देता है।’’
4/8Image Source : PTI
पीएम मोदी ने कहा कि धार्मिक यात्रा के लिए भी सर्दियां खास होती हैं। मुखवा में मां गंगा की पूजा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सर्दियों में यहां विशेष अनुष्ठान होते हैं । उन्होंने कहा, ‘‘सरकार का साल भर पर्यटन का दृष्टिकोण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा और युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेगा।" उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि सीमावर्ती क्षेत्रों को पर्यटन का लाभ मिले।"
5/8Image Source : PTI
उन्होंने कहा कि 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान गांवों को खाली करा दिया गया था, उनके पुनर्वास के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विवाह के लिए, बैठकों के लिए, फिल्मों की शूटिंग के लिए, धूप सेंकने के लिए, वन्यजीवों के दीदार के लिए उत्तराखंड से बढ़िया कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘ 360 डिग्री अप्रोच के साथ आगे बढ़ना होगा ।’’
6/8Image Source : PTI
पीएम मोदी ने बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत दो रोपवे परियोजनाओं- सोनप्रयाग से केदारनाथ और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब जी का भी जिक्र किया और कहा कि इनसे यात्रा का समय घटकर 30 मिनट रह जाएगा। प्रधानमंत्री ने लोगों से सर्दियों के महीनों में उत्तराखंड आने की अपील करते हुए कहा, "जब देश के बाकी हिस्से कोहरा से घिरे होते हैं, तो राज्य सूरज की रोशनी से नहाया होता है।"
7/8Image Source : PTI
अपने एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पीएम मोदी गुरुवार की सुबह जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण और अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। यहां से प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से हर्षिलमें उतरे और फिर हरसिल से सीधे मुखबा पहुंचे।
8/8Image Source : PTI
मुखवा में उन्होंने पूजा अर्चना की और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मां गंगा का मायका माने जाने वाले मुखबा में मां गंगा की शीतकालीन पूजा की जाती है। गर्मियों में मां गंगा की पूजा गंगोत्री मंदिर में की जाती है और सर्दियों के दौरान कपाट बंद होने के बाद उनकी मूर्ति को मुखबा लाया जाता है। मुखबा गंगोत्री मंदिर के रास्ते में स्थित है।