सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले जापानी छात्र, साथ में सेल्फी भी ली; सामने आईं तस्वीरें
सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले जापानी छात्र, साथ में सेल्फी भी ली; सामने आईं तस्वीरें
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जापान के स्टूडेंट्स से मुलाकात की। इस दौरान, जापानी छात्रों ने सीएम योगी के साथ सेल्फी भी ली। इस कार्यक्रम में लखनऊ के छात्र भी जापानी छात्रों से मिले।
Published : Aug 21, 2026 11:02 pm IST, Updated : Aug 22, 2026 08:34 am IST
1/6Image Source : pti
योगी आदित्यनाथ आज (शुक्रवार को) नौजवानों के बीच थे। उन्होंने जापानी स्टूडेंट्स से मुलाकात की, उनके साथ सेल्फी ली, हंसी-मजाक किया, ठहाके लगाए और तोहफे भी दिए। असल में आज लखनऊ में A dialogue with the future प्रोग्राम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी शामिल हुए। उनके साथ जापान के 13 स्टूडेंट भी सीएम योगी से मिलने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी ने जापानी भाषा में इन बच्चों का स्वागत किया तो जापान के स्टूडेंट्स भी हैरान रह गए। इसके बाद जापानी स्टूडेंट ने योगी आदित्यनाथ को गिफ्टस दिए और जापानी भाषा में गाना भी सुनाया।
2/6Image Source : pti
इस प्रोग्राम में लखनऊ के स्कूलों के स्टूडेंट्स भी पहुंचे थे। दोनों देशों के छात्रों ने एक-दूसरे से जापान और भारत के सांस्कृतिक रिश्तों पर बात की। इस दौरान, एक जापानी छात्र ने दोनों देशों की एक जैसी संस्कृति और धार्मिक समानताओं के बारे में बताया। उसने ये भी बताया कि जापान में भी हिंदू धर्म की देवी को बेंजाफिन के नाम से पूजा जाता है।
3/6Image Source : pti
इसके बाद यूपी के स्टूडेंट्स ने जापान के स्टूडेंट्स को भगवान राम का भजन सुनाया। 'कौशल्या दशरथ के नंदन' गीत सुनकर जापान के छात्रों ने तालियां बजाई। इस दौरान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जापान भारत को सिर्फ बाजार के तौर पर ना देखे। हमारी युवा पीढ़ी एक-दूसरे को संस्कृति और सभ्यता के मित्र के तौर पर जाने।
4/6Image Source : pti
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक परंपराएं एक जैसी हैं। भारत और जापान के बच्चे एक-दूसरे से बहुत कुछ सीख सकते हैं। भारत के बच्चों को समय की पाबंदी, टीमवर्क और अनुशासन जापान से सीखना चाहिए। इसके बाद, जापान के स्टूडेंट्स ने योगी के साथ सेल्फी ली। योगी ने भी किसी को निराश नहीं किया। हर स्टूडेंट के साथ अलग-अलग फोटो भी खिंचाई।
5/6Image Source : yogi adityanath/x
जापान के स्टूडेंट से मिलने के बाद योगी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यूपी में कल्याण सिंह की पुण्य तिथि को हिंदू गौरव दिवस के तौर पर मनाया गया। इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश किसी के सगे नहीं हैं, वो वक्त और मौके के हिसाब से रंग बदलते हैं।
6/6Image Source : yogi adityanath/x
योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के त्याग की याद भी दिलाई। सीएम योगी ने कहा कि कल्याण सिंह भी पिछड़े वर्ग से थे। उन्होंने राम भक्तों पर गोली नहीं चलने दी। राम मंदिर आंदोलन के लिए अपनी सरकार कुर्बान कर दी और अखिलेश यादव ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक तक व्यक्त नहीं किया। उन्हें श्रद्धांजलि तक नहीं दी। ऐसे लोगों को न पिछड़ों की बात करने का हक है, न राम मंदिर का मुद्दा उठाने का।