फिंच और वार्नर ने पहले विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी की थी। अली ने 23वें ओवर की चौथी गेंद पर वार्नर को रूट के हाथों कैच करा इस साझेदारी को तोड़ा। वार्नर ने 61 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके लगाए।
फिंच ने 116 गेंदों पर 11 चौके और दो छक्कों की मदद से 100 रन बनाए। वॉर्नर ने 61 गेंदें खेलीं और 53 रनों का योगदान दिया। स्टीव स्मिथ ने 38, उस्मान ख्वाजा ने 23 रनों का योगदान दिया।
बेहरनडॉर्फ ने पांच और स्टार्क ने चार विकेट लिए लेकिन स्टार्क ने तीन बड़े बल्लेबाजों को आउट किया वो भी अहम सयम पर। उन्होंने इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बेन स्टोक्स का विकेट उस समय लिया जब स्टोक्स अकेले मैच का रुख बदलते दिख रहे थे।
इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स ने सबसे ज्यादा 89 रन बनाए। स्टोक्स ने अपनी पारी में 115 गेंदों का सामना किया और आठ चौके तथा दो छक्के लगाए।
इसी के साथ मौजूदा विजेता ऑस्ट्रेलिया इस विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं इंग्लैंड के लिए अंतिम-4 में पहुंचने का रास्ता मुश्किल हो गया। सेमीफाइनल में जाने के लिए इंग्लैंड को अब अपने बाकी के बचे दोनों मैच जीतने ही होंगे।