टीवी की दुनिया में जिन सीरियल्स ने लोकप्रियता के नए मानक गढ़ दिए, वे एक बार फिर दूरदर्शन पर वापस लौट आए हैं। जी हां, हम बात कर रहे हैं रामायण, महाभारत, शक्तिमान और जंगल बुक सहित उन तमाम सीरियल्स की, जिन्होंने गुजरे जमाने में इतिहास रच दिया। जनता की मांग पर इन्हें दोबारा टेलीकास्ट किया जा रहा है। जबसे नए-नए चैनल आ गए, तबसे दूरदर्शन टीआरपी की लिस्ट में टॉप 10 में भी नहीं होता था, लेकिन कोरोना के चलते हुए लॉकडाउन में ये करिश्मा हुआ कि जनता ने सभी पुराने सीरियलों को पूरे मन से देखा।
इसका एक कारण ये भी है कि बाकी एंटरटेनमेंट चैनल पर कुछ नया नहीं आ रहा है। जनता लॉकडाउन में नब्बे के दशक में लौटी तो उसे अपने पुराने दिन याद आ गए। आइये उन सीरियल्स पर नज़र डालते हैं, जो दूरदर्शन को टीआरपी की लिस्ट में ऊपर पहुंचा रहे हैं।
रामायण
स्वर्गीय रामानंद सागर के पौराणिक धारावाहिक 'रामायण' जो तीन दशक से अधिक पुराना है, ने 2015 के बाद से हिंदी जीईसी शो के लिए उच्चतम रेटिंग प्राप्त कर छोटे पर्दे पर ऐतिहासिक वापसी की। देश भर में चल रहे 21 दिनों के लॉकडाउन के बीच, सदाबहार श्रृंखला सार्वजनिक मांग पर दूरदर्शन पर फिर से प्रसारित की गई।
महाभारत
लॉकॉडाउन के बीच लोगों के मनोरंजन के लिए दूरदर्शन पर एक बार फिर महाभारत का प्रसारण हो रहा है। 80 के दशक में आई महाभारत को बी. आर चोपड़ा ने बनाया था। महाभारत को देखने के लिए सड़कों पर लंबी-लंबी कतारे लग जाती थी। एक बार फिर इस सीरियल को दर्शकों का ढेर सारा प्यार मिल रहा है।
श्रीमान श्रीमती
कॉमडी शो श्रीमान श्रीमती की भी दूरदर्शन पर वापसी हो गई है। ये सीरियल फिर से दर्शकों को हंसा रहा है और दूरदर्शन की टीआरपी बढ़ा रहा है। इसमें रीमा लागू, अर्चना पूरन सिंह सहित कई उम्दा कलाकारों ने अहम भूमिका निभाई है।
शक्तिमान
90 के दशक में भारत का पहला सुपरहीरो कहे जाने वाले शक्तिमान सीरियल को हर घर में देखा जाता था। इस शो में मुकेश खन्ना ने लीड रोल निभाया था। ये शो आज भी लोगों का मनोरंजन कर रहा है।