1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अहमदाबाद की यूनिवर्सिटी में छात्र का कॉलर पकड़ने वाले प्रोफेसर के खिलाफ प्रदर्शन, कुलपति के खिलाफ नारेबाजी

अहमदाबाद की यूनिवर्सिटी में छात्र का कॉलर पकड़ने वाले प्रोफेसर के खिलाफ प्रदर्शन, कुलपति के खिलाफ नारेबाजी

 Reported By: Nirnay Kapoor,  Written By: Mangal Yadav
 Published : Sep 25, 2026 06:09 pm IST,  Updated : Sep 25, 2026 06:13 pm IST

ABVP के कार्यकर्ता ने अहमदाबाद की निरमा यूनिवर्सिटी में विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन तब शुरू हुआ जब एक वीडियो सामने आया जिसमें एक प्रोफ़ेसर कैंपस में हो रहे एक कार्यक्रम के दौरान एक छात्र का कॉलर पकड़ते हुए दिखे, जिससे छात्र समूहों में नाराज़गी फैल गई।

 प्रोफेसर द्वारा छात्र का कॉलर पकड़े जाने की तस्वीर- India TV Hindi
प्रोफेसर द्वारा छात्र का कॉलर पकड़े जाने की तस्वीर Image Source : X/@ITSURBUNNY7

अहमदाबाद की निरमा यूनिवर्सिटी में एक प्रोफेसर द्वारा छात्र का कॉलर पकड़े जाने की घटना के बाद छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विरोध प्रदर्शन किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद छात्र संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। इसके विरोध में एबीवीपी के कार्यकर्ता निरमा यूनिवर्सिटी कैंपस में पहुंच गए। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी प्रशासन और कुलपति (VC) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रोफेसर के इस तानाशाही रवैये के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए कैंपस में 'रामधुन' भी बोली। 

एबीवीपी की प्रमुख मांगे

  • छात्र को मंच पर अपमानित करने और धमकाने वाले प्रोफेसर के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
  • प्रोफेसर छात्र से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। 

जांच समिति का गठन

बढ़ते राजनीतिक और छात्र विरोध को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझा और घटना की जांच के लिए एक जांच कमेटी (Inquiry Committee) का गठन कर दिया है।

जाने पूरा मामला

छात्र का कॉलर पकड़ने की घटना 18 से 20 सितंबर 2026 के बीच आयोजित वार्षिक तकनीकी और सांस्कृतिक उत्सव 'टेक्नोफ्रा 2026' (Technofora '26) के दौरान हुई। इसे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी विभाग के तहत आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान स्टैंड-अप कॉमेडियन रजत सूद का शो चल रहा था और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रमेंटेशन इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख (HoD) डॉ. हिमांशु के. पटेलमंच पर कुछ बात रख रहे थे। भाषण के दौरान दर्शकों में बैठे एक छात्र ने फिल्म 'गोलमाल 3' का चर्चित फिल्मी डायलॉग चला दिया "जल्दी बोल, कल सुबह पनवेल निकलना है"। 

इस टिप्पणी से नाराज होकर प्रोफेसर हिमांशु पटेल ने उस छात्र को मंच पर बुलाया। स्टेज पर पहुंचने के बाद प्रोफेसर ने सरेआम भीड़ के सामने छात्र का कॉलर पकड़ लिया। वीडियो में प्रोफेसर यह कहते हुए सुनाई दिए कि अगर यूनिवर्सिटी के किसी फैकल्टी का अपमान किया गया, तो वह किसी भी हद तक जा सकते हैं और छात्र को कैंपस से हमेशा के लिए गायब कर सकते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

छात्र को दी धमकी

वायरल वीडियो में प्रोफ़ेसर को यूनिवर्सिटी फ़ैकल्टी के अपमान को लेकर धमकी देते हुए भी देखा गया। उन्हें यह कहते हुए सुना गया कि अगर किसी फ़ैकल्टी सदस्य का अपमान हुआ, तो वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। प्रोफ़ेसर ने छात्र से यह भी कहा कि उसे कैंपस से हमेशा के लिए निकाला जा सकता है।

ये भी पढ़ेंः गुजरात विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति ने केंद्रीय योजना से जुड़े पद से दिया इस्तीफा, लौटाया 14 करोड़ रुपया

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।