1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट साइट पर हुआ हादसा, कई ट्रेनें कैंसिल; कई का बदला रूट

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट साइट पर हुआ हादसा, कई ट्रेनें कैंसिल; कई का बदला रूट

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 24, 2025 11:24 am IST,  Updated : Mar 24, 2025 11:24 am IST

अहमदाबाद के पास बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की साइट पर काम के दौरान सेटलमेंट ग्रैंटी गिर गया। इस वजह से इसके पास से गुजर रही रेलवे ट्रैक पर जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

सेटलमेंट ग्रैंटी गिरने से कई ट्रेनें रद्द।- India TV Hindi
सेटलमेंट ग्रैंटी गिरने से कई ट्रेनें रद्द। Image Source : PTI

अहमदाबाद: जिले में बुलेट ट्रेन परियोजना स्थल पर निर्माण के दौरान एक हादसा हो गया। यहां निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जाने वाला 'सेगमेंटल लॉन्चिंग गैंट्री' दुर्घटनावश अपनी जगह से हट गया। इसके बाद से समीपवर्ती रेलवे लाइन पर कई ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई है। अधिकारियों ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी। राष्ट्रीय हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने बताया कि यह हादसा रविवार रात करीब 11 बजे वटवा में हुआ। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ और न ही पहले से बने हुए ढांचे को कोई नुकसान पहुंचा। 

25 ट्रेनों को किया कैंसिल

अहमदाबाद रेलवे मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के कारण कम से कम 25 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा 15 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया। वहीं पांच ट्रेनों का समय पुनर्निर्धारित किया गया और छह ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित रेलवे लाइन से ‘गैंट्री’ हटाने का प्रयास जारी है, ताकि ट्रेनों की आवाजाही बहाल की जा सके। एनएचएसआरसीएल के एक अधिकारी ने बताया कि क्रेनों की मदद से रेलमार्गो की बहाली का कार्य किया जा रहा है। 

रेलवे लाइन हुई प्रभावित

एनएचएसआरसीएल के बयान के अनुसार, "कल रात करीब 11 बजे वटवा (अहमदाबाद के पास) में निर्माण के लिए इस्तेमाल की जा रही एक 'सेगमेंटल लॉन्चिंग गैंट्री', कंक्रीट गर्डर लॉन्चिंग पूरी करने के बाद पीछे हट रही थी। इसी दौरान हादसा हो गया।" बयान में आगे कहा गया, "इस घटना से पास की रेलवे लाइन प्रभावित हुई है। एनएचएसआरसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और बने हुए ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।" 

ये ट्रेनें हुईं प्रभावित

वहीं अहमदाबाद रेलवे मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना से वटवा और अहमदाबाद स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर रेल यातायात प्रभावित हुआ है। रद्द की गई ट्रेनों में वटवा-बोरीवली एक्सप्रेस, अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस, वडोदरा-वटवा इंटरसिटी, अहमदाबाद-वलसाड गुजरात क्वीन, जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी, वडनगर-वलसाड-वडनगर एक्सप्रेस और वटवा-आनंद मेमू शामिल हैं। इसके अलावा अहमदाबाद-मजीठिया चेन्नई सेंट्रल हमसफर एक्सप्रेस, राजकोट-सिकंदराबाद एक्सप्रेस और कुछ अन्य ट्रेनों को पुनर्निर्धारित किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की सहायता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

औरंगजेब विवाद के बीच दिल्ली में हुमायूं के मकबरे पर पहुंची विश्व हिंदू परिषद, किया निरीक्षण

शिंदे पर टिप्पणी के बाद शिवसेना सांसद ने कुणाल कामरा को दी खुली धमकी, बोले- 'पूरे हिंदुस्तान में घूम नहीं सकते'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।