1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात पहुंची 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा', राहुल गांधी के समर्थन में लोगों ने लगाए नारे- जानें पूरा कार्यक्रम

गुजरात पहुंची 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा', राहुल गांधी के समर्थन में लोगों ने लगाए नारे- जानें पूरा कार्यक्रम

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 07, 2024 07:45 pm IST,  Updated : Mar 07, 2024 07:45 pm IST

‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के साथ राहुल गांधी गुजरात पहुंचे हैं। गुजरात में यात्रा के चार दिन के दौरान राहुल गांधी छह जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी- India TV Hindi
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी Image Source : PTI

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ गुरुवार को पड़ोसी राजस्थान से गुजरात पहुंच गई, जहां उनकी पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम आदमी पार्टी (AAP) ने उनका स्वागत किया। यात्रा शाम करीब 4:45 बजे राजस्थान से गुजरात के दाहोद जिले के झालोड पहुंची। राहुल गांधी के स्वागत के लिए जुटे लोगों ने उनके समर्थन में नारे लगाए, उनमें से कई लोगों ने कांग्रेस नेता के साथ सेल्फी लेने की भी कोशिश की। 

राहुल के स्वागत में मौजूद रहे नेता

राहुल गांधी के स्वागत के लिए गुजरात कांग्रेस प्रभारी मुकुल वासनिक, राज्य इकाई के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल, नेता प्रतिपक्ष अमित चावड़ा और अन्य लोग मौजूद थे। प्रदेश कांग्रेस ने ‘आप’ नेताओं को भी यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था, क्योंकि दोनों दल गुजरात में लोकसभा चुनाव इंडिया (I.N.D.I.A) गठबंधन के तहत लड़ेंगे। ‘आप’ की राज्य इकाई के अध्यक्ष इसुदान गढ़वी और पार्टी नेता गोपाल इटालिया भी गांधी के स्वागत के लिए मौजूद थे।

सात जिलों से होकर गुजरेगी यात्रा 

पार्टी की राज्य इकाई के प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि 6,700 किलोमीटर लंबी 'मणिपुर से मुंबई' तक की यात्रा गुजरात के उन सात जिलों से होकर गुजरेगी, जहां बड़ी संख्या में आदिवासी आबादी है। उन्होंने कहा, "गुजरात में यात्रा के चार दिन के दौरान राहुल गांधी छह जनसभाओं को संबोधित करेंगे, 27 नुक्कड़ सभाएं करेंगे और 70 से अधिक स्थानों पर समर्थक व शुभचिंतक उनका स्वागत करेंगे।” उन्होंने कहा कि 10 मार्च की शाम को नवगाम में महाराष्ट्र में प्रवेश करने से पहले यात्रा दाहोद, पंचमहल, छोटा उदयपुर, भरूच, तापी, सूरत और नवसारी जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के गुजरात पहुंचने से पहले प्रदेश कांग्रेस के कुछ विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। इनमें पार्टी के दिग्गज नेता अर्जुन मोढवाडिया भी शामिल हैं, जो सत्तारूढ़ बीजेपी में शामिल हो गए हैं। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।