गुजरात के सूरत में एक अनोखी घटना सामने आई है। एक महिला ने पहले घर के बाहर खड़ी साइकिल चोरी कर ली, लेकिन अगले ही दिन उसका हृदय परिवर्तन हो गया। महिला न केवल साइकिल वापस लौटाने पहुंची, बल्कि सीसी टीवी कैमरे के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती की माफी भी मांग ली। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूरत में एक अज्ञात महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला जब सलाबतपुरा क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान उसकी नजर घर के बाहर पार्क की गई साइकिल पर पड़ी। महिला ने आसपास नजर दौड़ाई ओर जब उसे कोई दिखाई नहीं दिया तो वह साइकिल पर बैठ कर चली गई।
साइकिल लौटाकर कैमरे के सामने माफी मांगी
दूसरे दिन एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। साइकिल चोरी के बाद महिला को अपनी गलती का अहसास हुआ या फिर उसे अपने कृत्य पर पछतावा हुआ। इसके चलते अगले दिन सुबह-सुबह वह अपना चेहरा कपड़े में ढंककर उसी स्थान पर पहुंची, जहां से उसने साइकिल की चोरी की थी। महिला ने साइकिल को उसी जगह पर रख दिया। साइकिल वापस रखने के बाद महिला ने वहां लगे सीसी टीवी कैमरे की ओर देखा और दोनों हाथ जोड़कर अपनी गलती के लिए माफी मांगी। इसके बाद वह वहां से चली गई।
चोर के माफी मांगने से सभी हैरान
चोरी के बाद साइकिल लौटाने और कैमरे के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती की माफी मांगने की इस अनोखी घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। हालांकि, यह चोर के हृदय परिवर्तन का पहला मामला नहीं है। इससे पहले यूपी के एक चोर ने खेती से जुड़ा उपकरण चोरी किया था और ब्याज समेत लौटाने की बात एक चिट्ठी में लिखी थी। वहीं, मंदिर में चोरी करने वाले चोर ने भगवान के सामने हाथ जोड़कर अपने कृत्य के लिए माफी मांगी थी।
(सूरत से शैलेष चांपानेरिया की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
खेतिहर मजदूरों को लूटने निकले 5 आरोपी, 2 महिलाओं से पति के सामने किया गैंगरेप, 4 गिरफ्तार