4 जून की रात मोरबी के ग्रामीण क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई थी। इनमें से एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म यानी गैंगरेप किया गया था। इस जघन्य घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और अब पांच में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। जांच में सामने आया है कि पांचों आरोपी लूटपाट के इरादे से निकले थे और इसी दौरान उन्होंने इस शर्मनाक अपराध को अंजाम दिया।
मोरबी तालुका पुलिस की गिरफ्त में आए तीन आरोपियों को एक महिला के साथ गैंगरेप और दूसरी महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम नवघण वाघेला, दिलीप वाजेलिया और मुन्ना वाजेलिया हैं। ये तीनों हलवद के कडियाणा गांव के पास रहने वाले हैं। इनके अलावा कानून से संघर्षरत एक नाबालिग को भी इस मामले में पकड़ा गया है। जबकि दिनेश नाम का एक अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
4 जून को हुई थी वारदात
4 जून की रात मोरबी के ग्रामीण क्षेत्र में पांचों आरोपी खेतों में रहने वाले श्रमिक परिवारों को निशाना बनाने निकले थे। इसी दौरान वे एक खेत में रहने वाले दंपति के पास पहुंचे और पति को जबरन दूर ले गए। इसके बाद दिनेश नामक आरोपी ने उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी दूसरे खेत में पहुंचे, जहां एक महिला के साथ उसके पति की मौजूदगी में तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता के पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
आरोपियों में नाबालिग भी शामिल
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे जिले की पुलिस हरकत में आ गई थी। ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने जांच तेज की। जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी हलवद के कडियाणा गांव के पास एक बस्ती में रह रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वहां दबिश देकर चार लोगों को हिरासत में ले लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल था। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की गई। वहीं दिनेश नाम का आरोपी अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंगरेप जैसी जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले अधिकांश आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
(मोरबी से निलेश पटेल की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
'बच जाना ही सबसे बड़ी सजा बन गया', AI-171 क्रैश के एकमात्र Survivor विश्वास कुमार रमेश का दर्दनाक सच