गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि 28 सितंबर को पूरे गुजरात में ऑपरेशन सिन्दूर के गरबा की गूंज गूंजेगी। उन्होंने प्रदेश की जनता से कहा कि रविवार रात 11 से 11:10 बजे तक हम सब मिलकर ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति में रचित गरबा भी गाएं। जब पूरे गुजरात से ऑपरेशन सिंदूर के गरबा की गूंज एक साथ उठेगी, तो एक अद्भुत माहौल बनेगा। गरबा कार्यक्रमों के सभी आयोजकों, सभी कलाकारों और सभी प्रतिभागियों से मेरा आह्वान है कि आइए हम सब मिलकर ऑपरेशन सिंदूर का गरबा गाएं और भारत की शक्ति को उजागर करें।
Related Stories
सीएम भूपेंद्र पटेल ने आयोजकों, कलाकारों से की अपील
भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व में भारतीय सेना के वीर जवानों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के माध्यम से आतंकवादियों को करारा जवाब दिया है। देश की माताओं और बहनों की रक्षा के संकल्प के साथ, हमारे वीरों ने पूरे विश्व को नए भारत की शक्ति का परिचय कराया है। वर्तमान में, नवरात्रि उत्सव के दौरान, शक्ति की भक्ति के साथ, हम प्रतिदिन उत्साह के साथ गरबा गा रहे हैं, तो आइए रविवार रात 11 बजे से 11:10 बजे तक ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति में रचित गरबा भी गाएं।
गरबा महोत्सव में सीएम ने लिया हिस्सा
इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को अहमदाबाद के आईपीएस मेस में आयोजित गरबा महोत्सव में हिस्सा लिया और आदि शक्ति मां अंबा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने सभी आईपीएस अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। प्रसिद्ध कलाकार श्री भरत बारिया और उनकी मंडली ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति के साथ आरती की। पोरबंदर से आई एक मंडली ने मनियारो और ढाल-तलवार रास प्रस्तुत किया, जबकि आणंद के युवाओं ने पारंपरिक और समकालीन रास-गरबा दोनों प्रस्तुत किए। आईपीएस अधिकारियों ने भी अपने परिवारों के साथ नवरात्रि उत्सव में भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव पंकज जोशी, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एम के दास, पुलिस महानिदेशक विकास सहाय, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डॉ के एन एल राव और मनोज अग्रवाल, अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जी एस मलिक सहित अन्य वरिष्ठ आईपीएस और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।