1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात के तट से टकराया 'टाउ-टे' चक्रवात, उना सहित 17 जिले प्रभावित, महाराष्ट्र में उखड़े पेड़

गुजरात के तट से टकराया 'टाउ-टे' चक्रवात, उना सहित 17 जिले प्रभावित, महाराष्ट्र में उखड़े पेड़

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : May 18, 2021 07:10 am IST,  Updated : May 18, 2021 09:47 am IST

भारत के पश्चिमी तट से उठा चक्रवाती तूफान 'ताउते' सोमवार को महाराष्ट्र में तबाही मचाने के बाद देर रात गुजरात के तट से टकराया।

गुजरात के तट से टकराया...- India TV Hindi
गुजरात के तट से टकराया 'ताउते' चक्रवात, उना सहित 14 जिले प्रभावित, महाराष्ट्र में उखड़े पेड़  Image Source : PTI

भारत के पश्चिमी तट से उठा चक्रवाती तूफान 'टाउ-टे' सोमवार को महाराष्ट्र में तबाही मचाने के बाद देर रात गुजरात के तट से टकराया। मौसम विभाग के अनुसार लैंडफॉल के दौरान इस चक्रवाती तूफान की स्पीड 185 किलोमीटर प्रति घंटा रही। बताया जा रहा है कि तूफान का असर गुजरात के 17 तटीय जिलों पर पड़ा है। राज्य के उना जिले में तूफान का बड़ा असर देखने को मिला है। तूफान की वजह से कई इलाकों में पेड़ों और कम्युनिकेशन टावर टूट कर गिरने की खबर मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक टाउ-टे के लैंडफॉल की प्रक्रिया करीब दो घंटे तक चली। इससे पहले 'टाउ-टे' ने महाराष्ट्र के तटीय इलाकों खासतौर पर मुंबई में भी भारी तबाही मचाई। 

टाउ-टे तूफान की वजह से गुजरात के सोमनाथ जिले और दीव के बीच सड़क मार्ग बाधित हो गया। सेना के जवानों ने बड़ी मशक्कत के बाद पूरा रास्ता खाली कराया। इस बीच उना में भीषण बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। इसके साथ ही अमरेली, जामनगर, भावनगर आदि में भी तूफान ने काफी तबाही मचाई है। उना में तूफान मोबाइल टावर को भी उड़ा ले गया। हालांकि तूफान अब कमजोर हो गया है। वहीं अब तूफाने के मंगलवार को राजस्थान में असर दिखाने की संभावना है। 

इन इलाकों में ज्यादा तबाही

टाउ-टे चक्रवात की वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले जिलों में गिरसोमनाथ, अमरेली, भावनगर और दीव संघीय जिला सौराष्ट्र शामिल है। इसके साथ ही दक्षिण तथा मध्य गुजरात के कोस्टल जिलों में भी असर दिखा है। चक्रवात के दौरान करीब तीन से चार घंटों तक इन इलाकों में 160-170 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलती रही। दीव, गिरसोमनाथ जिले के ऊना और कोडिनार तालुका में भारी नुक़सान की आशंका है। अमरेली जिले के जाफराबाद, सावरकुंडला, खाम्भा तालुका में भी भारी नुकसान हुआ है। भावनगर जिले के महुवा में भी भारी नुकसान की खबर है। इन इलाकों में से कई जगह बिजली गुल हो गयी। पेड़ गिर गए और कच्चे घरों को हुआ नुकसान हुआ है। तूफान अब सुरेंद्रनगर से होते हुए अहमदाबाद के ग्रामीण इलाकों में आगे बढ़ रहा है हालंकि अभी भी इसकी स्पीड कम हो रही है।

कमजोर पड़ने लगा तूफान

मौसम विभाग के अनुसार गुजरात के तट से टकराने के बाद हवा की रफ्तार में कमी आई है। समुद्र में टाउ-टे तूफान की रफ्तार 185 किमी प्रति घंटा थी जो तट पर 135 किमी प्रति घंटा हो गई। वहीं पिछले 6 घंटे से यह तूफान उत्तर और उत्तर पूर्व की ओर बढ़ रहा है। जहां इसकी रफ्तार 11 किमी प्रति घंटे रह गई हैै। 

महाराष्ट्र में मचाई तबाही 

महाराष्ट्र के तटवर्ती क्षेत्र से गुजर रहा तूफान सोमवार की सुबह मुंबई पहुंचा और इस कारण शहर के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उड़ान सेवा दोपहर 11 बजे से दो बजे तक बंद रही। ताउते के कारण पड़ोसी रायगड और मुंबई में अलर्ट जारी किया गया। मुंबई में मोनो रेल सेवा दिन भर के लिए बंद की गयी। मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवा घाटकोपर से विखरोली के बीच प्रभावित रही। चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के उत्तर में गुजरात की ओर बढ़ने के दौरान महाराष्ट्र और गोवा में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और समुद्र में ऊंची लहरें दिखीं।

अरब सागर में उठी ऊंची-ऊंची लहरें

तूफान के गुजरात तट से टकराने से पहले गुजरात में द्वारका के पास अरब सागर में ऊंची-ऊंची लहरें (हाई टाइड) उठीं। सोमवार रात के दौरान पोरबंदर और महुवा के बीच चक्रवात के तबाही मचाने की आशंका के मद्देनजर एनडीआरएफ ने गुजरात में 44 टीमों को तैनात किया था। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 22 टीमों को अतिरिक्त रिजर्व के रूप में भी रखा गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।