1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. विकसित गुजरात लक्ष्य के दो आधार ‘अच्छी कमाई और अच्छा जीवन’: CM भूपेंद्र पटेल

विकसित गुजरात लक्ष्य के दो आधार ‘अच्छी कमाई और अच्छा जीवन’: CM भूपेंद्र पटेल

 Published : Nov 29, 2025 11:32 pm IST,  Updated : Nov 29, 2025 11:32 pm IST

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप ‘2047 तक विकसित गुजरात’ के लिए एक खाका तैयार किया है।

bhupendra patel- India TV Hindi
सीएम भूपेंद्र पटेल। Image Source : PTI

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को कहा कि 2047 तक ‘विकसित गुजरात’ के लक्ष्य को प्राप्त करने की यात्रा में तेजी लाने के लिए ‘अच्छी कमाई’ और ‘अच्छी जिंदगी’ दो आधार होने चाहिए। पटेल ने वलसाड जिले के धर्मपुर शहर में आयोजित 12वें चिंतन शिविर के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप ‘2047 तक विकसित गुजरात’ के लिए एक खाका तैयार किया है।

और क्या बोले CM पटेल?

यहां जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक पटेल ने कहा, ‘‘अच्छी कमाई-अच्छी जिंदगी’ के मंत्र को ‘अच्छी सोच-अच्छी करनी’ (शासन की ओर से) से प्रेरित गहन बौद्धिक सहयोग के साथ आगे बढ़ाना चाहिए। ’’ उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण स्वामित्व, समर्पण, जिम्मेदारी और जन कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के साथ करना चाहिए। पटेल ने कहा कि 2003 में जब नरेन्द्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे, तब उनके द्वारा शुरू की गई चिंतन शिविर पहल ने टीम गुजरात की कड़ी मेहनत और जनहित के लिए सामूहिक सोच के कारण सार्थक परिणाम दिए हैं।

'हमें गांवों को गरीबी से ऊपर उठाना होगा'

पटेल ने 2003 में प्रथम चिंतन शिविर के दौरान दिए गए मोदी के भाषण का हवाला देते हुए कहा, ‘‘हमारा दृष्टिकोण एकीकृत होना चाहिए। हमें गांवों को गरीबी से ऊपर उठाना होगा, ताकि एक भी परिवार गरीबी रेखा से नीचे न रहे। जैसे-जैसे भारत 21वीं सदी में आगे बढ़ रहा है, हमारा सामूहिक योगदान इसे भारत की सदी बनाने में मदद करेगा। यह केवल एक राजनीतिक या आधिकारिक कार्यक्रम नहीं है। यह मानवता के उत्थान के लिए एक छोटा सा प्रयास है।’’ (भाषा इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।