अहमदाबादः गुजरात के कच्छ जिले में बुधवार शाम को 3.4 तीव्रता का भूकंप आया। यह जानकारी भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने दी। एक जिला आपदा अधिकारी ने कहा कि इसके कारण किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान होने की कोई सूचना नहीं है। गांधीनगर स्थित आईएसआर ने में कहा कि 3.4 तीव्रता का भूकंप शाम 6.55 बजे दर्ज किया गया और इसका केंद्र जिले के भचाऊ से 12 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपूर्व में था।
भूकंप से कोई नुकसान नहीं
जिले के अधिकारियों ने कहा कि जान-माल के किसी नुकसान की सूचना नहीं है। इससे पहले कच्छ में 22 अप्रैल 2025 को भी भूकंप आया था। एनसीएस ने बताया कि रात 11. 26 बजे आए भूकंप का केंद्र राजकोट से 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित था। उसने बताया कि भूकंप की गहराई 20 किलोमीटर थी। वहीं, पिछले साल दिसंबर महीने में भी कई बार भूकंप दर्ज किए गए थे।
23 दिसंबर 2024 को सुबह 10 बजकर 44 मिनट पर भूकंप आया था और इसका केंद्र लखपत से 76 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व में था। आईएसआर के अनुसार, सात दिसंबर को जिले में आए भूकंप की तीव्रता 3.2 दर्ज की गई थी। 18 नवंबर को कच्छ में चार तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। आईएसआर के आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले 15 नवंबर को उत्तर गुजरात के पाटन में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। गुजरात, उच्च भूकंप जोखिम वाला क्षेत्र है।
2001 में आया था विनाशकारी भूकंप
बता दें कि कच्छ जिला बहुत उच्च जोखिम वाले भूकंपीय क्षेत्र में स्थित है और वहां अक्सर कम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। जिले में 2001 में आया भूकंप पिछली दो शताब्दियों में भारत में तीसरा सबसे बड़ा और दूसरा सबसे विनाशकारी भूकंप था। जिले के कई शहरों और गांवों को लगभग पूरी तरह से तबाह कर दिया गया था जिसमें लगभग 13,800 लोग मारे गए और 1.67 लाख लोग घायल हो गए थे।