1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. बुजुर्ग को पीटकर लूट लिए 2.47 करोड़ रुपये, लोहे की पाइप लेकर घर में घुसे थे बदमाश

बुजुर्ग को पीटकर लूट लिए 2.47 करोड़ रुपये, लोहे की पाइप लेकर घर में घुसे थे बदमाश

 Published : Jun 20, 2026 11:14 pm IST,  Updated : Jun 20, 2026 11:14 pm IST

77 वर्षीय बुजुर्ग से 5 नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट कर 2.47 करोड़ रुपये नकद, गहने और राइफल लूट ली। बदमाशों ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया था और बाद में पीड़ित ने किसी तरह बेटे से संपर्क किया।

Rajkot Robbery Case, Gujarat Crime News, 2.47 Crore Loot, Elderly Attacked India- India TV Hindi
बदमाशों ने बुजुर्ग के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। Image Source : INDIA TV

राजकोट: गुजरात के राजकोट जिले में शुक्रवार देर रात एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। 5 नकाबपोश बदमाशों ने 77 वर्षीय एक बुजुर्ग के घर में घुसकर न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि 2.47 करोड़ रुपये नकद, गहने और एक लाइसेंसी राइफल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया यह घटना शापर इलाके में करीब रात डेढ़ बजे हुई। बदमाश लोहे की पाइप से लैस होकर घर में घुसे और बुजुर्ग जितेंद्र सिंह जडेजा पर हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनकी छाती और कलाई पर वार किया।

बदमाशों ने बुजुर्ग के मुंह में ठूंसा कपड़ा

रेंज पुलिस महानिरीक्षक निरलिप्त राय ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि एक आरोपी ने बुजुर्ग के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह शोर न मचा सकें और मदद न बुला सकें। लुटेरे घर से 2.47 करोड़ रुपये नकद, करीब दो लाख रुपये के सोने के गहने और 10,000 रुपये मूल्य की एक लाइसेंसी राइफल भी लूटकर फरार हो गए। इसके अलावा उन्होंने बुजुर्ग का मोबाइल फोन भी छीन लिया और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।

किसी तरह बुजुर्ग ने बेटे से किया संपर्क

जितेंद्र सिंह जडेजा रिटायरमेंट के बाद अपनी पत्नी के साथ शापर में रहते हैं। उनका बेटा राजकोट शहर में एक पेट्रोल पंप पर मैनेजर के रूप में काम करता है और वहीं रहता है। शिकायत के मुताबिक, घटना के समय बुजुर्ग घर में अकेले थे, क्योंकि उनकी पत्नी फ्रैक्चर के इलाज के लिए राजकोट में भर्ती थीं। पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद जडेजा किसी तरह कमरे से बाहर निकलने में सफल रहे और उन्होंने अपने बेटे से संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया।

आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित

रेंज आईजी निरलिप्त राय ने कहा, 'तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी की मदद से हमें जल्द ही अपराधियों को पकड़ने की उम्मीद है।' घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड, और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और घर से सबूत जुटाए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है। इस संबंध में शापर-वेरावल थाने में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

ये भी पढ़ें:

सूरत में रेंबो छूरा और चाकू लहराकर मचाया आतंक, सामने आया सीसीटीवी फुटेज, 4 आरोपी अरेस्ट

खेतिहर मजदूरों को लूटने निकले 5 आरोपी, 2 महिलाओं से पति के सामने किया गैंगरेप, 4 गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।