1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात निकाय चुनाव के लिए मतदान सम्पन्न, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने डाला वोट

गुजरात निकाय चुनाव के लिए मतदान सम्पन्न, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने डाला वोट

 Published : Apr 26, 2026 02:41 pm IST,  Updated : Apr 26, 2026 07:44 pm IST

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के तहत रविवार को मतदान सम्पन्न हो गया है। भीषण गर्मी के बीच 15 नगर निगमों में 50 प्रतिशत से कम मतदान दर्ज किया गया।

amit shah, voting, Gujarat local voting- India TV Hindi
अमित शाह ने परिवार के साथ किया मतदान Image Source : PTI

अहमदाबाद: गुजरात में निकाय चुनावों के लिए वोटिंग समाप्त हो गई है। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अपने अपना वोट डाला।

शाम 6 बजे तक वोटिंग

यह चुनाव अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट समेत 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए हुआ, जो राज्य के सबसे बड़े चुनावी अभ्यासों में से एक है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे से शुरू हुई और शाम छह बजे तक चली। 

अमित शाह ने भी किया मतदान

गुजरात में 15 नगर निगमों और 84 नगरपालिकाओं सहित कई स्थानीय निकायों के चुनावों के लिए रविवार सुबह मतदान शुरू हो गया। अमित शाह, अपनी पत्नी सोनलबेन और बेटे जय शाह के साथ अहमदाबाद के नारणपुरा उप खंड कार्यालय में बने मतदान केंद्र में अपना वोट डालने पहुंचे। मतदान केंद्र के बाहर पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। 

CM Bhupendra patel, deputy cm harsh sanghvi
Image Source : PTIसीएम भूपेंद्र पटेल और डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने भी किया मतदान

भूपेंद्र पटेल डाला वोट

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने यहां शिलज प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र में अपना वोट डाला और लोगों से चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। पटेल ने अपना वोट डालने के बाद पत्रकारों से कहा, "लोकतंत्र के इस उत्सव में सभी को भाग लेना चाहिए क्योंकि मतदान हमारा अधिकार और कर्तव्य दोनों है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और भाजपा के सभी उम्मीदवारों को विजयी बनाएं।'' 

डिप्टी सीएम ने भी किया मतदान

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने सूरत में अपना वोट डाला। कुल 9,992 उम्मीदवार मैदान में हैं और 4.18 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए पात्र हैं। इस बार नौ नवगठित नगर निगमों नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आणंद, नडियाद, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर में पहली बार चुनाव हुए। चुनाव संशोधित ओबीसी आरक्षण मानदंडों के तहत कराए जा रहे हैं, जिसके लिए कई जिलों में वार्डों का व्यापक परिसीमन और पुनर्गठन करना पड़ा। सुरक्षा के मोर्चे पर त्रिस्तरीय बंदोबस्त किया गया। सीसीटीवी निगरानी के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों में विशेष दस्ते तैनात किए गए हैं। मतगणना 28 अप्रैल को होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।