सूरत के सचिन जीआईडीसी स्थित महावीर सोसाइटी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। छठ पूजा के लिए खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। खेलते-खेलते दो मासूम बच्चियां श्रेया और कृष्णा उसमें गिर गई। डूबने से दोनों की मौत हो गई। मौके पर पुलिस और दमकल की टीम ने पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 2 घंटे की मेहनत के बाद दोनों के शव बरामद हुए। सूरत के लिंबायत थाने के अधिकारी और कॉन्स्टेबल खुद दोनों बेटियों का शव ढूंढने के लिए पानी में उतरे।
सोसायटी में जमा पानी में नहा रही थीं बच्चियां
दोनों बच्चियां सुबह करीब 10 बजे से सोसायटी के परिसर में जमा बारिश के पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही सोसायटी और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बच्चियों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

सूरत में 5 लोगों की मौत
बता दें कि मंगलवार को दक्षिणी गुजरात में मूसलाधार बारिश हुई। सबसे ज्यादा असर सूरत जिले में देखने को मिला, जहां बारिश जनित घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि बाढ़ प्रभावित इलाकों से 2100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। सूरत जिले के कामरेज तालुका में मंगलवार को शाम चार बजे समाप्त हुए 10 घंटों में रिकॉर्ड 305 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
नवसारी और सूरत में शिक्षण संस्थान बंद
भारी बारिश के मद्देनजर मंगलवार को नवसारी जिले और सूरत में शिक्षण संस्थान बंद रहे। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 2 दिन में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कुल पांच लोगों की मौत हुई है। मंगलवार को करंट लगने से दो लोगों की मौत हुई, जबकि एक और व्यक्ति की मौत कामरेज इलाके में हुई। सोमवार को सूरत के रांदेर इलाके में करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी।

हालात से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीम तैनात
सूरत में भारी बारिश के कारण बिगड़े हालात से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीमों को मैदान में उतारा है। गंभीररूप से जलभराव क्षेत्रों पांडेसरा, नागसेन नगर, मीठी खाड़ी इलाके से बीमार, प्रेगनेट महिला ओर बुजुर्गों को नाव के जरिए बाहर निकालकर सुरक्षित ठिकानों पर भेज दिया है। सूरत शहर और पूरे जिले में हुई रिकॉर्डतोड़ बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी है। प्रशासन ने फंसे लोगों को निकालने के लिए NDRF की एक टीम और SDRF की तीन टीमों को तैनात किया गया है।
(रिपोर्ट- शैलेष चांपानेरिया)
यह भी पढ़ें-
Video: बाढ़ का कहर! कार पार नहीं कर सकती थी तो मरीज को JCB के सहारे पहुंचाया गया एंबुलेंस तक