1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गिर सोमनाथ में जुआ क्लब पर पुलिस का छापा, भीड़ को काबू करने के लिए करनी पड़ी हवाई फायरिंग; वीडियो वायरल

गिर सोमनाथ में जुआ क्लब पर पुलिस का छापा, भीड़ को काबू करने के लिए करनी पड़ी हवाई फायरिंग; वीडियो वायरल

 Edited By: Vinay Trivedi @JournoVinay
 Published : Jul 12, 2026 07:16 pm IST,  Updated : Jul 12, 2026 07:19 pm IST

गिर सोमनाथ जिले में स्टेट मॉनिटरिंग सेल ने जुआ क्लब पर छापेमारी की और मौके से कई मोबाइल व कैश बरामद किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस के सामने भीड़ ने हंगामा भी किया।

Veraval gambling club raid- India TV Hindi
गुजरात में जुए के अड्डे पर पुलिस की रेड। Image Source : REPORTERS INPUT

गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के वेरावल के कोलीवाड़ा इलाके में जुआ क्लब पर पुलिस के स्टेट मॉनिटरिंग सेल ने छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। भीड़ ने एसएमसी पुलिस को घेर लिया। फिर पुलिस ने हवा में दो राउंड फायरिंग की और भीड़ को तितर-बितर किया।

पुलिस को देखते ही कई लोग फरार भी हुए

घटना की सूचना मिलने के बाद वेरावल शहर की पुलिस का काफिला मौके पर पहुंचा। छापेमारी के दौरान, जुआ खेल रहे कई लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने नकदी, मोबाइल और अन्य संपत्ति जब्त कर ली। पुलिस ने अब ड्यूटी में रुकावट और जुआ खेलने की 2 अलग-अलग शिकायतें दर्ज की हैं।

भीड़ को कंट्रोल करने के लिए करनी पड़ी हवाई फायरिंग

चश्मदीदों के अनुसार, रेड की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इस दौरान, कुछ लोगों ने पुलिस के एक्शन का विरोध किया, जिसके चलते घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिर, परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हवाई फायरिंग करके हालात को काबू  में किया, जिसके बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ी कर दिया गया।

फरार जुआरियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच पूरी की जा रही है। घटनास्थल से फरार हो गए लोगों की पहचान और तलाश भी की जा रही है। दोषी जो भी हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। हमारी टीम दबिश देकर ऐसे लोगों को पकड़ेगी। पुलिस ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने और पुलिस के एक्शन में बाधा डालने वालों के विरुद्ध भी कड़ा कानूनी एक्शन लिया जाएगा।

जुआ खिलाने वाले पर होगी कड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि स्टेट मॉनिटरिंग सेल को कोलीवाड़ा इलाके में अवैध जुआ होने का इनपुट मिला था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पड़ताल में यह भी मालूम किया जा रहा है कि जुआ खिलाने का काम कौन कर रहा था। इसमें और कौन-कौन से लोग शामिल हैं। पुलिस, मौके से सीज किए गए मोबाइल फोन और दूसरे सामान की भी जांच कर रही है, ताकि इस इलीगल नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करे और उनके विरुद्ध कार्रवाई कर सके। इससे पहले, मई महीने में सूरत में पुलिस ने एक हाईप्रोफाइल लेडीज जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया था और 7 महिलाओं को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

(इनपुट- मितेश परमार)

ये भी पढ़ें- ऑनलाइन गेमिंग पर 'सुप्रीम' फैसला, दांव पर लगा पैसा माना जाएगा जुआ, देना होगा GST

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।