1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. 'एनालॉग' पनीर, नकली 'चीज' और बटर को लेकर एक्शन में गुजरात सरकार, डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने किया टास्क फोर्स बनाने का ऐलान

'एनालॉग' पनीर, नकली 'चीज' और बटर को लेकर एक्शन में गुजरात सरकार, डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने किया टास्क फोर्स बनाने का ऐलान

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Aug 06, 2026 06:56 pm IST,  Updated : Aug 06, 2026 08:04 pm IST

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने कहा कि गुजरात में जल्द ही 'एनालॉग' पनीर, 'चीज' और बटर पर लगी रोक को जमीन पर लागू करने के लिए एक टास्क फोर्स बनाई जाएगी। मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

'एनालॉग' पनीर पर रोक को...- India TV Hindi
'एनालॉग' पनीर पर रोक को लागू करने के लिए बनेगा कार्यबल: हर्ष सांघवी Image Source : PTI (फाइल फोटो)

गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने आज (गुरुवार को) कहा कि गुजरात की सरकार जल्द 'एनालॉग' यानी कृत्रिम पनीर, 'चीज' और बटर पर लगी रोक को धरातल पर लागू करने के लिए एक टास्क फोर्स बनाएगी। हर्ष सांघवी ने वॉर्निंग दी कि नियमों को तोड़ने वालों के प्रतिष्ठान भी बंद किए जा सकते हैं। यह निर्णय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की तरफ से 'Food Safety and Standards Act 2006' के अंतर्गत एक दिन पहले बुधवार को रिलीज किए गए उस नोटिफिकेशन के बाद लिया गया है, जिसमें पूरे गुजरात में 'बिना मानक वाले' 'एनालॉग' डेयरी प्रोडक्ट्स पर रोक लगाई गई है।

कैसे बनता है 'एनालॉग' पनीर?

जान लें कि 'एनालॉग' पनीर दूध की वसा की जगह वनस्पति तेल, स्टार्च, 'इमल्सीफायर' और दूसरे 'एडिटिव्स' का प्रयोग कर बनाया जाने वाला एक गैर-डेयरी ऑप्शन है। आम पनीर के मुकाबले इसे बनाना सस्ता होता है और इसमें प्रोटीन की मात्रा आमतौर पर कम होती है।

गुजरात में 'एनालॉग' पनीर पर रहेगी सख्ती

डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी बोले कि सीएम भूपेंद्र पटेल ने सभी डिपार्टमेंट्स को निर्देश दिया है कि वे गुजरात में इस प्रतिबंध को प्रभावी तरीके से लागू करना सुनिश्चित करें। सांघवी ने कहा,'मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, जिसमें एनालॉग पनीर भी है, को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।'

जल्द होगी टास्क फोर्स का आधिकारिक ऐलान

हर्ष सांघवी ने कहा कि इस नोटिफिकेशन को सख्ती से लागू करने के लिए जल्द कई विभागों के अफसरों को शामिल करते हुए एक खास टास्क फोर्स का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'इस टास्क फोर्स के गठन को लेकर हाई लेवल पर मीटिंग्स चल रही हैं। जल्द इसकी आधिकारिक घोषणा होगी।'

मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों को भुगतनी होगी सजा

उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर केवल आर्थिक जुर्माना लगाना काफी नहीं है। उन्होंने कहा, 'हमारी टास्क फोर्स कड़े कदम उठाएगी, जिसमें दुकानों को सील करना भी है। हम ऐसे लोगों को गंभीर अपराधी के तौर पर देखते हैं और उन्हें लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने की सजा भुगतनी होगी।' जान लें कि बीते बुधवार को गुजरात सरकार ने 'मानक के अनुरूप नहीं' पाए जाने पर 'एनालॉग' पनीर,'चीज' और बटर के प्रोडक्शन, स्टोरेज, ट्रांसपोर्ट, वितरण और बिक्री पर पूरे गुजरात में प्रतिबंध लगा दिया था

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- अहमदाबाद के मनपसंद जिमखाना क्लब में चल रहा था जुआघर, प्रति टेबल 15 से 30 हजार की वसूली, 187 जुआरी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।