1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में भारी बारिश के बीच देवदूत बने सेना के जवान, बचा रहे हैं लोगों की बहुमूल्य जिंदगियां

गुजरात में भारी बारिश के बीच देवदूत बने सेना के जवान, बचा रहे हैं लोगों की बहुमूल्य जिंदगियां

 Reported By: Nirnay Kapoor Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 29, 2024 07:27 pm IST,  Updated : Aug 29, 2024 07:27 pm IST

गुजरात में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात का कहर झेल रहे सूबे के लोगों के लिए इंडियन आर्मी एक बड़ी राहत के रूप में सामने आई है जो उन्हें जरूरी चीजें मुहैया कराने के लिए लगातार मेहनत कर रही है।

Gujarat Floods, Gujarat Rains, Gujarat Rain News, Gujarat Floods Indian Army- India TV Hindi
गुजरात में इंडियन आर्मी की 8 टुकड़ियां लोगों की जिंदगी आसान बनाने में जुटी हुई हैं। Image Source : INDIA TV

गांधीनगर: गुजरात में हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में नदियां उफान पर होने से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से बाढ़ के बाद बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए उचित कदम उठाने को भी कहा। इन सारी दिक्कतों के बीच भारतीय सेना पूरी ताकत से लोगों की मुश्किलें आसान करने में लगी हुई है।

सेना की 8 टुकड़ियों को तैनात किया गया

बता दें कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान स्थानीय लोगों को होने वाली कठिनाइयों को कम करने के अपने दृढ़ संकल्प के अनुरूप भारतीय सेना ने गुजरात के कई जिलों में बाढ़ राहत अभियान शुरू किया। गुजरात नागरिक प्रशासन के अनुरोध के बाद सेना ने राहत कार्यों में सहायता के लिए 8 टुकड़ियों को तैनात किया। ये टीमें वडोदरा, जामनगर, द्वारका, राजकोट, मोरबी और भुज में महत्वपूर्ण मानवीय सहायता और आपदा राहत प्रदान कर रही हैं। जनशक्ति और बाढ़ राहत उपकरणों के अलावा इन विशेषज्ञ टीमों में इंजीनियरिंग संसाधन और चिकित्सा विशेषज्ञता शामिल हैं।

Gujarat Floods, Gujarat Rains, Gujarat Rain News, Gujarat Floods Indian Army
Image Source : INDIA TVइंडियन आर्मी के जवान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में लगे हुए हैं।

सेना ने लोगों की चिकित्सा जांच भी की

बता दें कि विश्वामित्री नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से वडोदरा सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। भारतीय सेना ने 200 से ज्यादा लोगों को बाढ़ग्रस्त इलाकों से सफलतापूर्वक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और खाने के लिए तैयार भोजन सहित आवश्यक खाद्य आपूर्ति प्रदान की है। प्रभावित लोगों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए सेना ने घर-घर जाकर चिकित्सा जांच की है और आवश्यक दवाएं बांटी गई हैं। बचाव और राहत प्रयासों का उद्देश्य लगातार बारिश और बढ़ते जल स्तर के बीच सामान्य स्थिति बहाल करना है। भारतीय सेना आवश्यक सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए स्थानीय प्रशासन की लगातार मदद कर रही है।

कई इलाकों में हुई थी भारी बारिश

बता दें कि देवभूमि द्वारका जिले के भाणवड में सुबह 6 बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में 295 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि कच्छ के अब्दासा में 276 मिमी और कल्याणपुर में 263 मिमी बारिश हुई। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि के दौरान गुजरात के 20 तालुका में 100 मिमी से अधिक वर्षा हुई। वहीं, कच्छ के मांडवी तालुका में सुबह 10 बजे तक चार घंटों में 101 मिमी बारिश हुई। गुजरात में बारिश की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं में कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।