गुजरात के जामनगर जिले के एक गांव में एक महिला ने अपने चार बच्चों के साथ कथित तौर पर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को 32 वर्षीय महिला और उसके 4 बच्चों के शव कुएं में तैरते हुए दिखाई दिए। इसके बाद यह मामला सामने आया।
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
ध्रोल पुलिस थाने के निरीक्षक एच.आर. राठौड़ ने कहा कि यह घटना ध्रोल तालुका के सुमरा गांव की है। उन्होंने कहा कि शवों को कुएं से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, लेकिन महिला ने यह कदम क्यों उठाया इसके बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस की टीम भी इस मामले को जानकर हैरान है।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस अधिकारी राठौड़ ने कहा कि भानुबेन तोरिया अपने बच्चों ऋत्विक (3), आनंदी (4), अजू (8) और आयुष (10) के साथ कुएं में कूद गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों से भी पूछताछ
इस घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। हर कोई हैरान है कि आखिर क्या वजह रही होगी, जो महिला ने अपने ही मासू बच्चों को लेकर कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस इस मामले में सभी एंगलों में जांच कर रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)