1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अहमदाबाद के साणंद में गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो, बड़ी संख्या में उमड़ी भीड़

अहमदाबाद के साणंद में गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो, बड़ी संख्या में उमड़ी भीड़

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Apr 18, 2024 11:17 am IST,  Updated : Apr 18, 2024 02:46 pm IST

गुजरात के अहमदाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रोड शो कर रहे हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग रोड शो में पहुंचे हैं।

अमित शाह का रोड शो- India TV Hindi
अमित शाह का रोड शो Image Source : ANI

गांधीनगरः केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के साणंद में बृहस्पतिवार सुबह रोडशो निकाला । इसी संसदीय क्षेत्र से वह लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी हैं। विशेष रूप से तैयार किये गये वाहन में खड़े अमित शाह ने एपीएमसी चौक से नालसरोवर चौक तक इस रोडशो के दौरान बड़ी संख्या में जुटे लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।

अमित शाह ने कही ये बात

साणंद में रोडशो से पहले शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज मैं अपने गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के भाइयों और बहनों से देश को हर क्षेत्र में नंबर वन और गांधीनगर को देश के सबसे विकसित लोकसभा क्षेत्रों में से एक बनाने हेतु फिर एक बार कमल खिलाने और मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने का आह्वान करूंगा।’’ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता यग्नेश दवे ने कहा कि गांधीनगर संसदीय क्षेत्र से एक फिर चुनाव मैदान में उतर रहे वरिष्ठ भाजपा नेता शाह शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। 

रैली को भी संबोधित करेंगे

यह शाह द्वारा दिन में गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में किये जाने वाले तीन रोडशो में से एक है। वह शाम में अहमदाबाद के वेजालपुर क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करेंगे। अहमदाबाद के साणंद के बाद शाह गांधीनगर जिले के कलोल शहर में रोडशो करेंगे। उसके बाद वह अहमदाबाद शहर में तीसरा रोडशो करेंगे। तीसरा रोडशो अहमदाबाद शहर में साबरमती, घटलोडिया, नरनपुरा और वेजालपुर विधानसभा क्षेत्रों के इलाकों से गुजरेगा। ये सभी विधानसभा क्षेत्र गांधीनगर लोकसभा सीट का हिस्सा हैं तथा शाह 2019 में गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे।

सभी सीटों पर बीजेपी का है कब्जा

गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में सात विधानसभा क्षेत्र-- गांधीनगर उत्तरी, कलोल, साणंद, घटलोडिया, वेजालपुर, नरनपुरा और साबरमती हैं। ये सभी विधानसभा सीट भाजपा के पास हैं। पूर्व भाजपा अध्यक्ष शाह 2019 में पांच लाख से अधिक वोटों के अंतर से गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से विजयी हुए थे। अतीत में इस लोकसभा सीट का भाजपा के वयोवृद्ध नेता एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। विपक्षी कांग्रेस ने गांधीनगर लोकसभा सीट से पार्टी सचिव सोनल पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है। पटेल ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। गुजरात में सभी 26 लोकसभा क्षेत्रों में सात मई को एक ही चरण में मतदान होगा।

इनपुट- पीटीआई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।