1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में बारिश के बीच सड़क पर एक साथ दिखे 12 शेर, थम गए गाड़ियों के पहिए, देखें Video

गुजरात में बारिश के बीच सड़क पर एक साथ दिखे 12 शेर, थम गए गाड़ियों के पहिए, देखें Video

 Published : Aug 03, 2026 02:43 pm IST,  Updated : Aug 03, 2026 02:45 pm IST

शेरों के सड़क पर घूमने का वीडियो गिर के जामवाला-मधुपुर रोड का है। शेरों के सड़क पर आने से गाड़ियों के पहिए थम गए। सभी राहगीर रुककर शेर का वीडियो बनाने लगे। इससे थोड़ी देर के लिए ट्रैफिक थम गया।

Gir lions- India TV Hindi
गिर में सड़क पर दिखे 12 शेर Image Source : REPORTER INPUT

गुजरात के गिर में रविवार शाम एक साथ 12 शेरों का झुंड टहलने के लिए सड़क पर निकल आया। इस झुंड में कई युवा शेर भी थे और उनकी मां भी साथ थी। शेरों का यह झुंड जामवाला-मधुपुर रोड पर घूमने निकला। थोड़ी देर तक शेर सड़क पर ही टहलते रहे। इसके बाद जंगल में वापस चले गए। शेरों के सड़क पर आने से थोड़ी देर के लिए ट्रैफिक थम सा गया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं और शेरों का वीडियो रिकॉर्ड करने लगे।

शेर के बच्चों को लेकर शेरनियां सड़क पर आईं तो गाड़ियों के पहिये रुक गए। वाहन चालकों ने शेर देखे और यह विरला नजारा अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करने लगे। हालांकि, शेरों के जाने के बाद सब अपने रास्ते निकल गए और ट्रैफिक सामान्य हो गया।

गुजरात में भारी बारिश से वन्य जीव भी प्रभावित

गुजरात में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश से इंसानों के साथ-साथ वन्य जीवों का जीवन भी प्रभावित हुआ है। कई घरों में पानी भरने से मगरमच्छ और सांप जैसे जीव घरों में आ गए हैं। पानी निकलने के बाद जब लोग अपने घर लौट रहे हैं तो उन्हें पहले जंगली जीवों को वापस जंगल या नदी में छोड़ना पड़ रहा है। लोगों के घरों और रिहायशी इलाकों में जंगली जीवों के पाए जाने की कई खबरें सामने आई हैं।

गुजरात के कई जिलों में मध्यम बारिश के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर, दक्षिण और मध्य गुजरात के कई हिस्सों तथा सौराष्ट्र क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। एनडीआरएफ के अनुसार, रविवार सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे के बीच राजकोट तालुका में 62 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद राजकोट के पडधरी में 38 मिमी, वाव-थराद के दियोदर में 33 मिमी, अरावली के मोडासा में 31 मिमी, कच्छ के मुंद्रा में 27 मिमी, वाव-थराद के धरणीधर में 25 मिमी तथा जूनागढ़ जिले के जूनागढ़ तालुका और जूनागढ़ शहर में 22-22 मिमी बारिश दर्ज की गई।

सरदार सरोवर का पानी भी बढ़ा

गुजरात में अब तक औसतन 623.29 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो पूरे मानसून मौसम की कुल औसत बारिश का लगभग 68.58 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार राज्य के 206 बांधों में से 24 पूरी तरह भर चुके हैं, 27 बांध अपनी क्षमता के 70 से 100 प्रतिशत तक भर गए हैं, जबकि 33 बांध 50 से 70 प्रतिशत क्षमता तक भर चुके हैं। इनके अनुसार ऊपरी क्षेत्रों से लगातार पानी आने के कारण, नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध का जलस्तर पिछले 24 घंटों में 75 सेंटीमीटर बढ़ गया है। वर्तमान में जलाशय में 7,222 एमसीएफटी पानी संग्रहित है, जो इसकी कुल क्षमता का 76.35 प्रतिशत है। जलभराव के कारण गुजरात में तीन नेशनल हाईवे और 30 स्टेट हाईवे समेत कुल 607 सड़कें बंद हैं। विज्ञप्ति के अनुसार स्थिति में सुधार होने के कारण, पिछले 24 घंटे के दौरान नौ राज्य राजमार्गों और शेष आंतरिक सड़कों समेत 197 सड़कों को फिर से खोल दिया गया।

(सोमनाथ से मितेश परमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद कर रही सरकार, 18000 लोगों को ₹3.50 करोड़ बांटे, 2 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

गुजरात में भारी बारिश के चलते हॉस्टल में भरा पानी, रात ढाई बजे 150 लोगों रेस्क्यू किए गए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।