गुजरात के अहमदाबाद से एक मल्टी स्टोरी आवासीय बिल्डिंग में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेला इलाके में स्थित ‘स्काईसिटी रिवेरा एलीट’ की तीसरी मंजिल पर एक फ्लैट में आग लगी, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना से आस-पास हड़कंप मच गया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद निवासियों को अपने-अपने फ्लैट में वापस जाने की अनुमति दे दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगते ही तुरंत कार्रवाई की गई और रेस्क्यू ऑपरेशन तीसरी मंजिल से ऊपर रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित रूप से इमारत की छत पर पहुंचा दिया गया।
आग बुझाने के लिए दमकल की 12 से ज्यादा गाड़ियां भेजी गईं
अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया के अनुसार, आग बुझाने के लिए दमकल की 12 से ज्यादा गाड़ियां कों मौके पर भेजा गया। बोपल, थलतेज और प्रह्लादनगर अग्निशमन केंद्रों से आई टीमों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य किया। एक टीम आग बुझाने में जुटी रही, जबकि दूसरी टीम ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम किया।
फ्लैट का पूरा सामान जलकर हो गया खाक
मिली जानकारी के अनुसार, फ्लैट में लकड़ी का सामान ज्यादा होने की वजह से आग बहुत तेजी से फैल गई, जिससे उस फ्लैट का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। साथ ही आसपास के दो फ्लैट भी आंशिक रूप से प्रभावित हुए।
आंध्र प्रदेश: बस में आग लगने से 13 लोगों की मौत, राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने जताया शोक
वहीं, आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में एक निजी बस की एक ट्रक से टक्कर होने के बाद उसमें आग लग जाने की वजह से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे 22 अन्य लोग घायल हो गए हैं। हादसे में लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया और प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की।