1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात के वडोदरा में PM मोदी का मेगा शो, बोले- "नाराज फूफा को फ्रेट कॉरिडोर की आलोचना का काम मिल गया"

गुजरात के वडोदरा में PM मोदी का मेगा शो, बोले- "नाराज फूफा को फ्रेट कॉरिडोर की आलोचना का काम मिल गया"

 Reported By: Nirnay Kapoor,  Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 08, 2026 12:13 pm IST,  Updated : Sep 08, 2026 01:21 pm IST

गुजरात के वडोदरा में PM मोदी का मेगा शो हो रहा है। पीएम मोदी कार्यक्रम में पहुंच गए हैं। यहां उनका जोरदार स्वागत हुआ है। पीएम मोदी अब युवाओं को संबोधित कर रहे हैं।

PM Modi- India TV Hindi
पीएम मोदी ने कार्यक्रम के दौरान युवाओं को संबोधित किया Image Source : X@BJP4INDIA

वडोदरा: गुजरात के वडोदरा में PM मोदी का मेगा शो शुरू हो गया है। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी को सुनने के लिए हजारों लोग पहुंचे हैं। पीएम मोदी यहां Gen-Z के साथ संवाद कर रहे हैं। बता दें कि वडोदरा में 'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम हो रहा है, यहां PM मोदी का जोरदार स्वागत भी किया गया। 

कार्यक्रम में 35,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में कार्यक्रम में 35,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

वडोदरा के हर एक नागरिक को हृदय से बहुत-बहुत बधाई: PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा, "थोड़ी देर पहले यहां देश के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इस विकास पर्व में आप सभी ने जिस सेवाभाव से पूरे वडोदरा शहर में स्वच्छता से स्वागत अभियान चलाया है, इसके लिए मैं वडोदरा के हर एक नागरिक को हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं और उनकी सराहना करता हूं।"

पीएम ने कहा, "मैं विकसित भारत की यात्रा को और गति देने के लिए आया हूं। मैं कल एक वीडियो देख रहा था और मेरा सीना चौड़ा गया कि वाह ये मेरा वडोदरा है।"

पीएम मोदी ने कहा, "महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी का ये मैदान, अलग-अलग फील्ड में काम करने वाले सभी साथियों का साथ और विकास का ये उत्सव, यहां सबकुछ एक साथ हो रहा है।"

फ्रेट कॉरिडोर 7-8 साल तक लटका रहा, हमने फाइलों को गति दी: PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तेजी से विकसित होते भारत की जीवनरेखा है। इसने भारत के ट्रांसपोर्टेशन सेक्टर का कायाकल्प कर दिया है। पहले पैसेंजर ट्रेन जिस ट्रैक पर चलती थी, उसी पर मालगाड़ी भी चलती थी। यानी ट्रैवल और ट्रांसपोर्ट दोनों धीमे थे लेकिन डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने स्थिति को बदल दिया है। आज पूर्वी और पश्चिमी फ्रेट कॉरिडोर पर प्रतिदिन 430 से ज्यादा मालगाड़ियां चलती हैं। और पहले जो मालगाड़ी 6.30 घंटे में 100 किमी का सफर तय करती थी। अब वही मालगाड़ी आधे से भी कम समय में 100 किमी का सफर तय कर लेती है।

पीएम मोदी ने कहा कि वडोदरा तो गतिशक्ति यूनिवर्सिटी का शहर है। आज यहां से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं। आज 2,800 किमी से अधिक का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट पूरा हो गया है। ये 21वीं सदी के भारत के लिए बहुत ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुआ है।

पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष लाल किले से मैंने विकसित भारत के लिए संकल्प की सप्तधारा का आह्वान किया है। इस सप्तधारा में एक धारा गतिशक्ति की भी है। विकसित भारत के लिए हमें ऐसी कनेक्टिविटी चाहिए, जो सुगम भी हो और जमाने के हिसाब से जरा तेज भी हो।

फाइलें अटकती थी, लटकती थी, भटकती थी, हमने 2014 के बाद काम को गति दी: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि ये डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर इस बात का साक्षी है कि बीते 12 साल में देश की काम करने की संस्कृति कैसे बदली है। इस डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर 2004 में विचार शुरू हुआ था। 2006 में इस काम को करने के लिए एक विशेष कंपनी बनाई गई और फिर 2014 तक फाइलें ही यहां से वहां होती रही। दुर्भाग्य देखिए कि इन फाइलों को भी कोई डेडिकेटेड कॉरिडोर नसीब नहीं हुआ। फाइलें अटकती थी, लटकती थी, भटकती थी।

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद जब आपके आशीर्वाद से मैं दिल्ली पहुंचा और वहां पहुंचते ही हमने इसको गति देने का प्रारंभ कर दिया। 2,800 किमी के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम आज पूरा करके दिखाया है। और आज ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर देश के व्यापार-कारोबार का मुख्य आधार बन रहा है।

नए फूफा चिल्लाएंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा?: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, "फ्रेट कॉरिडोर से किसानों को जबरदस्त फायदा हुआ। ये फ्रेट कॉरिडोर एक और वजह से कमाल का है। हाल ही में JNPT पोर्ट मुंबई से वडोदरा तक डबल स्टैक कंटेनर मालगाड़ी का संचालन किया गया है। इस मालगाड़ी के चलने से एक बार में ही 250 से अधिक ट्रकों के बराबर का सामान मुंबई से वडोदरा चला आया। अब ये जो नाराज फूफा जी हैं, वो चिल्लाएंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा, ट्रक कहा जाएंगे, उनका क्या होगा? अब इन फूफा जी को काम मिल गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तेजी से विकसित होते भारत की जीवनरेखा है। इसने भारत के ट्रांसपोर्टेशन सेक्टर का कायाकल्प कर दिया है। पहले पैसेंजर ट्रेन जिस ट्रैक पर चलती थी, उसी पर मालगाड़ी भी चलती थी। यानी ट्रैवल और ट्रांसपोर्ट दोनों धीमे थे। लेकिन डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने स्थिति को बदल दिया है। आज पूर्वी और पश्चिमी फ्रेट कॉरिडोर पर प्रतिदिन 430 से ज्यादा मालगाड़ियां चलती हैं। और पहले जो मालगाड़ी 6.30 घंटे में 100 किमी का सफर तय करती थी। अब वही मालगाड़ी आधे से भी कम समय में 100 किमी का सफर तय कर लेती है।

पीएम ने मैन्युफैक्चरिंग की बात की

पीएम मोदी ने कहा, "मैंने देश के सामने विकसित भारत की जिन सप्त धाराओं का विजन रखा है, उसमें एक धारा मैन्युफैक्चरिंग की भी है और वडोदरा शहर इसकी ताकत अच्छे से जानता भी है, समझता भी है। शिक्षा, कौशल और इंडस्ट्री का कोलैब कैसे होता है, वडोदरा 150 सालों से इसका प्रतिबिंब है। अब तो ये शहर देश के पहले 'मेड इन इंडिया' मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के लिए भी जाना जा रहा है। C-295 की पहली फ्लाइट यहां का आसमान देख चुका है। मैं वडोदरा के लोगों को ये गौरव पाने के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।" 

भारत में रेल वहां भी पहुंच रही है जहां इतने दशकों तक नहीं पहुंची: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, "फ्रेट कॉरिडोर के साथ-साथ अब भारत में रेल वहां भी पहुंच रही है जहां इतने दशकों तक नहीं पहुंची थी। गुजरात हो, मध्य प्रदेश हो, महाराष्ट्र हो, यहां जो आदिवासी क्षेत्र हैं, वे भी इस परियोजना के द्वारा रेल से जुड़ रहे हैं। पहले की सरकार में बजट में 1-2 ट्रेनों की घोषणा होती थी और उसके भी साल भर ढोल पीटे जाते थे जबकि आज देश में साल भर एक के बाद एक नई ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आज भी इस कार्यक्रम में कई नई ट्रेनें शुरू हुई हैं।"

गौरतलब है कि पीएम मोदी के मंगलवार को वडोदरा दौरे से पहले भव्य तैयारियां की गई थीं। शहर में कई प्री-इवेंट्स की भी तैयारी थी। 

ये भी पढ़ें-

BookMyShow पर PM मोदी के कार्यक्रम की धूम, एक घंटे में सीटें फुल और 42 हजार वेटिंग में

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।