1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. पीएम मोदी आज से गुजरात के दौरे पर, महिला दिवस पर लखपति दीदी कार्यक्रम में भाग लेंगे

पीएम मोदी आज से गुजरात के दौरे पर, महिला दिवस पर लखपति दीदी कार्यक्रम में भाग लेंगे

 Published : Mar 07, 2025 11:48 am IST,  Updated : Mar 07, 2025 11:48 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 और 8 मार्च को केन्द्र-शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव और गुजरात का दौरा करेंगे। पीएम मोदी महिला दिवस के अवसर पर नवसारी में लखपति दीदी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

गुजरात के दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी।- India TV Hindi
गुजरात के दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी। Image Source : X

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 7-8 मार्च को दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव और गुजरात का दौरा करेंगे। पीएम मोदी पहले शुक्रवार 7 मार्च को सिलवासा जायेंगे और यहां दोपहर करीब 2 बजे नमो अस्पताल (प्रथम चरण) का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद करीब 2:45 बजे पीएम मोदी सिलवासा में केन्द्र-शासित प्रदेश के लिए 2580 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। पीएम मोदी इसके बाद गुजरात के सूरत जायेंगे। यहां पीएम मोदी करीब  शाम 5 बजे 'सूरत खाद्य सुरक्षा संतृप्ति अभियान' का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी शनिवार 8 मार्च को गुजरात के नवसारी जायेंगे और सुबह करीब 11:30 बजे लखपति दीदियों से बातचीत करेंगे। इसके बाद एक सार्वजनिक समारोह होगा, जिसमें विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।

दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव में पीएम का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी सिलवासा में नमो अस्पताल (प्रथम चरण) का उद्घाटन करेंगे। कुल 460 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित 450-बिस्तरों वाला यह अस्पताल इस केन्द्र-शासित प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को काफी मजबूत करेगा। यह अस्पताल इस क्षेत्र के लोगों, खासकर आदिवासी समुदायों, को अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी सिलवासा में केन्द्र-शासित प्रदेश के लिए 2580 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं में विभिन्न ग्रामीण सड़कें एवं सड़क संबंधी अवसंरचनाएं, स्कूल, स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्र, पंचायत एवं प्रशासनिक भवन, आंगनवाड़ी केन्द्र, जलापूर्ति और सीवेज संबंधी अवसंरचनाएं आदि शामिल हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना, औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना, पर्यटन को प्रोत्साहित करना, रोजगार के अवसर सृजित करना और क्षेत्र में लोक कल्याण से जुड़ी पहलों को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री रोजगार मेले के अंतर्गत नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। वे पीएम आवास योजना - शहरी, गिर आदर्श आजीविका योजना और सिल्वन दीदी योजना के तहत लाभार्थियों को लाभ भी वितरित करेंगे। 

गुजरात में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम

7 मार्च को, प्रधानमंत्री मोदी सूरत के लिंबायत में सूरत खाद्य सुरक्षा संतृप्ति अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और 2.3 लाख से अधिक लाभार्थियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाभ वितरित करेंगे। महिला दिवस के दिन 8 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी नवसारी जिले के वांसी बोरसी गांव में आयोजित लखपति दीदी कार्यक्रम में भाग लेंगे और लखपति दीदियों से बातचीत करेंगे। वे 5 लखपति दीदियों को लखपति दीदी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी करेंगे।

प्रधानमंत्री गुजरात सरकार के जी-सफल (अंत्योदय परिवारों के लिए बेहतर आजीविका हेतु गुजरात योजना) और जी-मैत्री (ग्रामीण आय में परिवर्तन हेतु गुजरात मेंटरशिप और व्यक्तियों का त्वरण) कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। जी-मैत्री योजना उन स्टार्टअप को वित्तीय सहायता एवं सहयोग प्रदान करेगी, जो ग्रामीण आजीविका के लिए अनुकूल वातावरण बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। जी-सफल योजना गुजरात के दो आकांक्षी जिलों और तेरह आकांक्षी प्रखंडों में अंत्योदय परिवारों की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को वित्तीय सहायता एवं उद्यमशीलता संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।