गुजरात के वलसाड में हुई चोरी की जांच करते हुए पुलिस ने महाराष्ट्र की बंटी-बबली गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि एक महिला और एक पुरुष ने मिलकर चोरी की थी। ये दोनों रिश्ते में जीजा-साली लगते हैं। इससे पहले भी इन दोनों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इन दोनों ने काफी संपत्ति बना रखी थी और लग्जरी जिंदगी जी रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से राडो की घड़ी भी बरामद की है।
आरोपियों ने वलसाड जिले के वापी गूंजन इलाके में एक घर का दरवाजा तोड़कर चोरी की थी। पुलिस ने कुछ ही दिनों में पूरी घटना का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में लोकल क्राइम ब्रांच वलसाड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के नाशिक जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लाखों रुपये का सामान बरामद किया है।
ऑफिसर्स बंगले में हुई थी चोरी
चोरी वापी गुंजन विस्तार के ऑफिसर्स बंगले में हुई थी, जहां अज्ञात चोरों ने घर के रसोई किचन का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद चोरों ने अलमारी में रखे सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इस चोरी में कुल 1 लाख 62 हजार रुपये के जेवरात चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद वलसाड जिला लोकल क्राइम ब्रांच और वापी जीआईडीसी पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सर्विलांस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में सफलता हासिल की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को एक अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर टीम ने महाराष्ट्र के नाशिक स्थित एक फार्महाउस पर छापा मारा।
34 लाख का सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान राजू दुयोधन कालमेध (50 वर्ष) और सोनिया श्रीराम पाटील (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने करीब 20 दिन पहले रात के समय वापी के गूंजन इलाके में चोरी करने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की टोयोटा फॉर्च्यूनर कार, नकद 3 लाख 40 हजार रुपये, चार मोबाइल फोन, एक राडो कंपनी की महंगी घड़ी और चोरी के औजार बरामद किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 34 लाख रुपये बताई जा रही है, जो इस मामले को और भी गंभीर बनाती है।
दोनों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी राजू कालमेध का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ महाराष्ट्र तथा गुजरात में चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, महिला आरोपी सोनिया पाटील का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि दोनों पेशेवर अपराधी हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे ऑपरेशन को वलसाड एलसीबी और वापी जीआईडीसी पुलिस की टीम ने मिलकर अंजाम दिया है।
(वलसाड से जितेंद्र पाटिल की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
गुजरात के कच्छ में मिली लावारिस पाकिस्तानी नाव, जांच में मिला मछली पकड़ने का सामान