चंडीगढ़: 2024 को लोकसभा चुनावों में केंद्र की एनडीए को मात देने के लिए बनाए गए विपक्षी गठबंधन इंडिया अलायंस में पंजाब के बाद अब हरियाणा में भी दरार सामने आ गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि गठबंधन की शुरुआत अच्छी है लेकिन हरियाणा में कांग्रेस पूरी तरह से सक्षम है। उन्होंने कहा कि सभी 10 की 10 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी।
Related Stories
सीट मांगने का भी कोई आधार होता है-हुड्डा
आम आदमी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग करने के सवाल पर हुड्डा ने कहा-सीट मांगने का भी कोई आधार होता है। हाल ही में आदमपुर विधानसभा सीट का चुनाव हुआ था। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी की जमानत जब्त हो गई थी। इसलिए सभी सीटों पर कांग्रेस ही चुनाव लड़ेगी।
कांग्रेस में कोई अंतर्कलह नहीं--हुड्डा
हुड्डा ने कहा कांग्रेस में कोई अंतर्कलह नहीं है। पार्टी में जान है इसलिए ऐसी चीज होती रहती हैं। कांग्रेस प्रजातांत्रिक पार्टी है हर किसी को पार्टी में अपनी बात रखने का अधिकार है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अगले मुख्यमंत्री के रूप में फिर से अपनी दावेदारी के सवाल पर कहा- मैं मुख्यमंत्री पद का दावेदार हूं। कोई भी दावेदार हो सकता है। फैसला पार्टी को लेना है। लेकिन कोई अगर मुझसे पूछेगा तो मैं अपनी दावेदारी तो पेश करूंगा ही।
पंजाब में भी सामने आ चुकी है दरार
इससे पहले पंजाब में भी कांग्रेस और आप गठबंधन को लेकर दोनों दलों के बीच असहमति साफ तौर पर नजर आई। कांग्रेस का राज्य नेतृत्व आगामी लोकसभा चुनावों में आम आदमी के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार नहीं है। बाद में आम आदमी पार्टी की ओर से भी लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का बयान आया। प्रदेश की पर्यटन मंत्री एवं आप नेता अनमोल गगन मान ने भी कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए उनकी पार्टी पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी और राज्य की सभी 13 संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस दोनों ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का हिस्सा हैं, जो आम चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों का गठबंधन है।
कांग्रेस हाईकमान राज्य ईकाई की सहमति के आधार पर लेगा फैसला
उधर, पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई को भरोसा है कि आलाकमान उनकी सहमति के बिना 2024 के लोकसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन को लेकर कोई निर्णय नहीं लेगा। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान का कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में अकेले चुनाव लड़ा और 92 सीटें जीतीं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने दिल्ली में तीसरी बार सत्ता हासिल की और गुजरात में अकेले चुनाव लड़ा और 13 प्रतिशत मत हासिल किए। मान ने कहा, ‘‘हम अकेले चुनाव लड़ना भी जानते हैं और जीतना भी। हम सरकारें बनाना और चलाना भी जानते हैं।”