लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए 'सरेंडर' वाले बयान पर अब हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की है। विज ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस नेता ने इस टिप्पणी के माध्यम से देश के सशस्त्र बलों और पूरे राष्ट्र का 'अपमान' किया है।
"ऐसी भाषा का इस्तेमाल अस्वीकार्य"
राज्य के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के बारे में ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना अस्वीकार्य है।" उन्होंने इस टिप्पणी को 'विश्वासघात' जैसा कृत्य बताते हुए जोर दिया कि भारत की जनता राहुल गांधी को इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी।
क्या था राहुल का बयान, जिस पर मचा बवाल?
यह विवाद राहुल गांधी के मंगलवार को भोपाल में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में दिए गए बयान से शुरू हुआ। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फोन के बाद मोदी ने 'सरेंडर' कर दिया था। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे।
विज ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का किया जिक्र
अंबाला में संवाददाताओं से बात करते हुए अनिल विज ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' में भारत को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने 06 मई की देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना भी शामिल था।
"देशद्रोह से कम नहीं"
अंबाला कैंट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अनिल विज ने कहा, "ऐसे में इस मिशन के नायक नरेंद्र मोदी के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना देशद्रोह से कम नहीं है।"
प्रियंका गांधी के बयान पर पलटवार
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने हाल ही में आरोप लगाया था कि केंद्र की बीजेपी नीत सरकार पर आर्थिक मोर्चे पर लगातार विफल है। उनके बयान पर पलटवार करते हुए विज ने कहा कि वह शायद कांग्रेस नीत वाली पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार की बात कर रही होंगी।
7 बार के विधायक अनिल विज
हरियाणा विधानसभा में 7 बार के विधायक अनिल विज ने आखिर में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है और अब यह दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
बेंगलुरु में कैसे मची भगदड़? वे 5 कारण जिसकी वजह से हुआ इतना बड़ा हादसा
जल संकट से जूझ रहा राजस्थान? CM भजनलाल शर्मा ने बताया, क्या है उनकी प्रायोरिटी
संपादक की पसंद