1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. EXIT POLL पर गदगद हुए दीपेंद्र हुड्डा, 'भारत जोड़ो यात्रा' को दिया क्रेडिट; रिजल्ट से पहले कही बड़ी बात

EXIT POLL पर गदगद हुए दीपेंद्र हुड्डा, 'भारत जोड़ो यात्रा' को दिया क्रेडिट; रिजल्ट से पहले कही बड़ी बात

 Edited By: Amar Deep
 Published : Oct 08, 2024 05:00 am IST,  Updated : Oct 08, 2024 05:00 am IST

हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। इससे पहले कांग्रेस नेता और सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भारत जोड़ो यात्रा को इसका क्रेडिट दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि हम राज्य में सरकार बनाने जा रहे हैं।

दीपेंद्र हुड्डा ने भारत जोड़ो यात्रा को दिया क्रेडिट।- India TV Hindi
दीपेंद्र हुड्डा ने भारत जोड़ो यात्रा को दिया क्रेडिट। Image Source : PTI

चंडीगढ़: हरियाणा में पांच अक्टूबर को विधानसभा चुनाव एक चरण में ही संपन्न हो गया। आज सुबह से ही काउंटिंग शुरू हो जाएगी और दोपहर तक नतीजे भी आने शुरू हो जाएंगे। रिजल्ट से पहले एग्जिट पोल के आंकड़े भी सामने आ गए हैं। एग्जिट पोल के आंकड़ों में हरियाणा में कांग्रेस की वापसी होते दिखाया गया है। वहीं एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आने के बाद कांग्रेस नेता और रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की मेहनत और हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा ने पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया है।

कांग्रेस की ही बनेगी अगली सरकार

इसके साथ ही कांग्रेस नेता और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने विश्वास जताया कि हरियाणा में कांग्रेस की ही अगली सरकार बनेगी। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने राज्य में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया। दीपेंद्र हुड्डा ने भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि दिसंबर 2022 में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में प्रवेश की। इसके बाद से ही प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनना शुरू हो गया। उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने लोकसभा चुनाव में इसकी झलक दिखाई थी और उन्होंने पूरे देश में, सबसे ज्यादा 47.6 प्रतिशत वोट हरियाणा में कांग्रेस को दिये थे।’’ 

कार्यकर्ताओं की मेहनत को सराहा

वहीं एग्जिट पोल के आंकड़ों में कांग्रेस की वापसी के आसार देख दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इसका श्रेय पार्टी द्वारा की गई कड़ी मेहनत को भी जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल से भाजपा के शासन में राज्य पिछड़ गया है। दीपेंद्र हुड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापस आएगी। उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा को देश में विश्व स्तरीय शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, बुनियादी ढांचा, कानून व्यवस्था का एक उदाहरण बनना चाहिए, जहां देश में अधिकतम निवेश हो और युवाओं को रोजगार के सुनहरे अवसर मिले।’’ 

लोकसभा चुनाव में मिली बढ़त

दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान हरियाणा की 10 से 9 सीटों पर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी उतारे थे। कांग्रेस के इन 9 में से 5 प्रत्याशियों ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। वहीं एक सीट इंडी गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी को दी गई थी, जिस पर आप प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव आयोग के आंकड़ों की बात करें तो लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 43.67 प्रतिशत, जबकि आम आदमी पार्टी को 3.94 प्रतिशत वोट मिले थे। बता दें कि हरियाणा में 5 अक्टूबर को चुनाव हुआ था, जिसके नतीजे आज मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे। (इनपुट- एजेंसी)

यह भी पढ़ें- 

झारखंड चुनाव में NDA के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे चिराग पासवान? अमित शाह से मुलाकात के बाद दिया बड़ा बयान

नक्सलवाद पर सबसे बड़ी कार्रवाई के बाद PM मोदी से मिले CM विष्णुदेव साय, विकास कार्यों सहित इन अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।