1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. सोनीपत में पूर्व फौजी की हत्या, बदबू आने पर दुकान के फ्रीजर से मिली लाश; फैली सनसनी

सोनीपत में पूर्व फौजी की हत्या, बदबू आने पर दुकान के फ्रीजर से मिली लाश; फैली सनसनी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 17, 2024 12:52 pm IST,  Updated : Apr 17, 2024 01:39 pm IST

सोनीपत में एक पूर्व फौजी की लाश उसी की दुकान के फ्रीजर से बरामद हुई है। शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पूर्व फौजी वीरेंद्र 13 अप्रैल से गायब था।

फ्रीजर में लाश मिली - India TV Hindi
फ्रीजर में लाश मिली

हरियाणा के सोनीपत से पूर्व फौजी की हत्या का मामला सामने आया है। पूर्व फौजी वीरेंद्र का शव उसी की दुकान के डीप फ्रीजर में मिला। घटना सोनीपत के खरखोदा स्तिथ रोहणा गांव की है। पूर्वी फौजी का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पूर्व फौजी वीरेंद्र 13 अप्रैल से गायब बताया जा रहा था। पुलिस ने 15 अप्रैल को परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज किया था। 

देर रात जब परिजन उसकी दुकान के पास पहुंचे तो वहां से बदबू आई। इसके बाद दुकान खोला गया। इस दौरान डीप फ्रीजर से शव बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल भिजवा दिया है और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुकान से नहीं लौटे वापस

जानकारी के अनुसार, गांव रोहणा निवासी गीता ने 15 अप्रैल को अपने पति वीरेंद्र (50) की गुमशुदगी की शिकायत पुलिस को दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके पति 13 अप्रैल को घर से NH-334बी के पास अपनी चाय-शीतलपेय की दुकान पर गए थे, लेकिन वह वापस नहीं लौटे। वो गईं तो दुकान बंद मिली थी। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर आस-पास पति की तलाश की थी। कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी।

डीप फ्रीजर से बदबू आई 

पुलिस ने गीता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ उन्हें बंधक बनाकर रखने का मुकदमा दर्ज कर लिया था। मंगलवार रात को वीरेंद्र का बेटा अपने चाचा के साथ दुकान पर खड़ी बाइक लेने गया तो वहां बदबू आ रही थी। दुकान खोलने पर डीप फ्रीजर से बदबू आ रही थी। उन्होंने डीप फ्रीजर खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। डीप फ्रीजर के अंदर वीरेंद्र का शव पड़ा था। उन्होंने मामले से परिजनों व पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। (रिपोर्ट- सन्नी मलिक)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।