1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. दौड़ा कर जबरन तेज रफ्तार में चढ़ाई स्कॉर्पियो, टक्कर से सामने की दीवार भी गिरी, हत्या के प्रयास का केस दर्ज-VIDEO

दौड़ा कर जबरन तेज रफ्तार में चढ़ाई स्कॉर्पियो, टक्कर से सामने की दीवार भी गिरी, हत्या के प्रयास का केस दर्ज-VIDEO

 Published : Jul 02, 2026 06:25 pm IST,  Updated : Jul 02, 2026 08:22 pm IST

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है। स्कॉर्पियो से जान से मारने की कोशिश की गई है। स्कॉर्पियो में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों को गिरफ्तार करने के लिए जुटी हुई है।

स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश- India TV Hindi
स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में पुरानी रंजिश और आपसी कहासुनी के बाद एक युवक को स्कॉर्पियो से कुचलकर मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शख्स को पहले दौड़ाया गया। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों ने कुचलने की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आ गए आमने-सामने

जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार (1 जुलाई) को धौज थाना क्षेत्र के सिरोही गांव की है। बताया जा रहा है कि सिरोही और धौज गांव के कुछ लोगों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर कहासुनी और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।

स्कॉर्पियो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल

इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार दो युवक मौके पर पहुंचे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कॉर्पियो के आसपास मौजूद लोग उस पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर रहे हैं। इसी बीच चालक ने तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते हुए सिरोही गांव निवासी शहनाज को कथित रूप से कुचलने की कोशिश की। स्कॉर्पियो की टक्कर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

सामने आया वीडियो

घटना का वीडियो किसी प्रत्यक्षदर्शी ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।

आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का दर्ज हुआ केस

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घायल युवक के भाई की शिकायत के आधार पर तहसीम नामक व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से धौज गांव निवासी वसीम की शिकायत पर भी पहले पक्ष के खिलाफ मारपीट और लड़ाई-झगड़े का मामला दर्ज किया गया है।

जानिए क्या बोली पुलिस?

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटनास्थल के वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नरेंद्र शर्मा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

अंबाला में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरे बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन हो गई मौत, जानें पूरा मामला

हरियाणा में मालिक की जान बचाने के लिए ब्लैक कोबरा से भिड़ गई पालतू डॉग जिम्मी, जहर से हुई मौत, सामने आया VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।