1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. पति के घर में फंदे से लटका मिला महिला का शव, 18 साल पहले हुई थी शादी

पति के घर में फंदे से लटका मिला महिला का शव, 18 साल पहले हुई थी शादी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 01, 2026 11:26 pm IST,  Updated : Jun 01, 2026 11:29 pm IST

मृतका के मायके वालों ने उसके पति, उसकी कथित प्रेमिका और सास-ससुर पर एक सोची-समझी साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (PTI)

हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-7 में अपने पति के घर में एक महिला का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। मृतका के मायके वालों ने इसे आत्महत्या मानने से इंकार कर दिया है। उन्होंने महिला के पति, उसकी कथित प्रेमिका और सास-ससुर पर एक सोची-समझी साजिश के तहत हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्यूशन पढ़ाता था दंपति

मृतका की पहचान सविता तेवतिया (37) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सविता की शादी करीब 18 साल पहले उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नगला गांव के रहने वाले संदीप के साथ हुई थी। शादी के बाद से यह परिवार फरीदाबाद के सेक्टर-7 में रह रहा था। सविता और उसका पति संदीप घर पर ही बच्चों को कोचिंग (ट्यूशन) पढ़ाते थे और उनके दो बच्चे भी हैं।

मृतका के परिवार का आरोप है कि संदीप का अपनी ही कोचिंग क्लास में आने वाली एक छात्रा के साथ लंबे समय से अवैध संबंध था। परिजनों के मुताबिक, जब यह संबंध शुरू हुआ था तब वह छात्रा नाबालिग थी। समय के साथ दोनों का रिश्ता और गहरा होता गया, जिसे लेकर सविता और संदीप के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। विरोध के बावजूद संदीप ने इस रिश्ते को खत्म नहीं किया। वह लड़की अब एक निजी कंपनी में काम करती है।

"ससुराल वालों ने मिलकर की हत्या"

मृतका के भाई ने इस मौत को पूरी तरह अस्वाभाविक बताते हुए आरोप लगाया है कि सविता की हत्या के पीछे उसके पति, उसकी प्रेमिका और ससुराल वालों की मिलीभगत है। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद से ही आरोपी पति संदीप फरार है। भाई ने पुलिस प्रशासन से सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

ससुर ने आरोपों को बताया निराधार

दूसरी ओर, मृतका के ससुर कैप्टन सुरेंद्र कुमार ने मायके पक्ष द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनकी दलील है कि घटना के दिन वह, उनकी पत्नी और उनका बेटा संदीप एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के जेवर गए हुए थे।

ससुर के मुताबिक, घर पर निर्माण कार्य चल रहा था और एक मजदूर वहां काम कर रहा था, इसलिए सविता घर पर अकेली थी। उन्होंने दिन में दो बार सविता से फोन पर बात भी की थी। कुछ घंटे बाद जब मजदूर ने फोन कर बताया कि सविता दरवाजा नहीं खोल रही है, तो उन्होंने एक पड़ोसी को घर भेजा। पड़ोसी ने जब भीतर जाकर देखा तो सविता का शव फंदे से लटका हुआ था।

सोमवार को इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मृतका के परिवार की लिखित शिकायत के आधार पर पति संदीप, उसके माता-पिता और उसकी कथित प्रेमिका के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

ये भी पढ़ें-

ममेरी बहनों को हुआ एक-दूसरे से प्यार, एक ने बदला जेंडर फिर मंदिर में रचाई शादी; VIDEO वायरल

बिना नंबर प्लेट की कार में आए युवकों ने करवाई टंकी फुल, बिना पैसे दिए दौड़ा दी गाड़ी; CCTV में कैद हुई घटना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।