1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. 504 सिम, 30 बैटरियां और 7 वाई-फाई राउटर बरामद, गुरुग्राम में कॉल डायवर्ट कर होता था साइबर ठगी का खेल, 5 अरेस्ट

504 सिम, 30 बैटरियां और 7 वाई-फाई राउटर बरामद, गुरुग्राम में कॉल डायवर्ट कर होता था साइबर ठगी का खेल, 5 अरेस्ट

 Published : Apr 01, 2026 06:07 pm IST,  Updated : Apr 01, 2026 06:17 pm IST

गुरुग्राम पुलिस ने 5 अलग-अलग केस दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नेपाल-बिहार रूट से भारत में अवैध मशीनें आती थीं। इनका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जाता था।

जब्त किया गया ठगी में इस्तेमाल किया जाने वाला सामान- India TV Hindi
जब्त किया गया ठगी में इस्तेमाल किया जाने वाला सामान Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फिलीपींस और कंबोडिया से संचालित हो रहा था। भारत में सिम बॉक्स के जरिए साइबर अपराधों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने इस मामले में 5 अलग-अलग शिकायतों के आधार पर 5 मामले दर्ज किए हैं।

पुलिस ने बरामद किए उपकरण

दरअसल, एसआईटी ने गुरुग्राम के यू-ब्लॉक और चकरपुर समेत कई स्थानों पर छापेमारी की। रेड के दौरान पुलिस ने 15 सिम बॉक्स, 504 सिम कार्ड, 7 वाई-फाई राउटर, 7 TAPO कैमरे, 29 वाई-फाई स्विच, 30 बैटरियां और अन्य तकनीकी उपकरण बरामद किए। ये उपकरण इंटरनेट के माध्यम से कॉल डायवर्ट करने और फर्जी कॉल के जरिए लोगों को ठगने में इस्तेमाल किए जा रहे थे।

 फिलीपींस और कंबोडिया से जुड़े लिंक

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कासगंज निवासी राहुल कुमार, अहमदाबाद निवासी यश अमृत सिंह डुगर, कच्छ निवासी भाविका भगचंदानी, लितेश और सागर के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फिलीपींस और कंबोडिया में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में थे और नेपाल-बिहार रूट के जरिए उपकरण भारत लाते थे।

साइबर अपराधों को दिया जाता था अंजाम

डीसीपी गौरव राजपुरोहित ने कहा कि इस नेटवर्क के जरिए डिजिटल अरेस्टिंग जैसे साइबर अपराधों को अंजाम दिया जाता था। हजारों फर्जी सिम कार्ड सक्रिय किए गए थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

गोहित कौशिक की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।