हरियाणा के गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी और पुलिस से बचने के लिए दोनों नेपाल भाग गए। कुछ दिन बाद जब दोनों आरोपी वापस लौटे तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मृतक युवती की उम्र 22 वर्ष थी। तीन महीने पहले ही उसकी शादी मानेसर के अंकित के साथ हुई थी। हालांकि, 25 वर्षीय अंकित का 38 साल की रजनी के साथ अफेयर चल रहा था। दोनों तीन साल से रिलेशन में थे। ऐसे में दोनों ने मिलकर अंकित की पत्नी को रास्ते से हटाने की सोची और उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की जांच में पति ही पत्नी का कातिल निकला। वह प्रेम प्रसंग में रोड़ा बन रही थी। इस वजह से पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी को गोली मार दी और नेपाल भाग गया। हत्या की साजिश प्रेमिका के किराए के कमरे में रची गई। वारदात के बाद अंकित अपनी प्रेमिका के साथ हरिद्वार गया और वहां से दोनों नेपाल भाग गए। एक महीने से ज्यादा समय तक फरार रहने के बाद दोनों आरोपी गुरुग्राम पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
तीन साल से चल रहा था अफेयर
आरोपी पति अंकित मानेसर का रहने वाला है, जबकि उसकी प्रेमिका रजनी झज्जर की रहने वाली है। रजनी पिछले कई महीनों से मानेसर में किराए पर रहती थी। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों का अफेयर तीन साल से चल रहा था। वहीं, फरवरी 2026 में अंकित की शादी हुई थी, उसने मई में पत्नी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने अंकित और प्रेमिका रजनी को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों को पांच दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।
22 मई को हुई थी लापता होने की शिकायत
मृतक युवती के परिजनों को 21 मई को सूचना मिली थी कि उनकी बेटी ससुराल से लापता हो गई है। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की तथा ससुराल पक्ष से संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद 22 मई को मानेसर थाने में युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई। इसके साथ ही ससुराल के लोगों पर भी संदेह जताया गया। पुलिस को 22 मई को ही युवती का शव मानेसर के कमरे में मिला। गोली मारकर उसकी हत्या की गई थी।
एक महीने फरार रहे हत्यारे
हत्या के बाद से ही दोनों आरोपी फरार थे। वह लगभग एक महीने तक नेपाल में रहे। इसके बाद मानेसर वापस लौटे तो पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अंकित और रजनी का पिछले 3 वर्ष से अफेयर चल रहा था। रजनी पिछले काफी समय से मानेसर में किराए पर रह रही थी। अंकित 21 मई को सुनियोजित योजना के तहत अपनी पत्नी को रजनी के किराए के कमरे पर ले गया। वहां पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात में प्रयोग किया गया हथियार आरोपी दो महीने पहले ही उत्तर-प्रदेश से लेकर आया था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंकित और रजनी हरिद्वार चले गए और वहां से नेपाल भाग गए। आरोपी 30 जून को भारत वापस आए थे।
(गुरुग्राम से गोहित कौशिक की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
प्रेमी संग मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, 39 कॉल ने खोली बेवफा पत्नी की पोल