1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. जलते ट्रक का वीडियो बना रहा था युवक, ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने जड़ दिया थप्पड़; VIDEO वायरल

जलते ट्रक का वीडियो बना रहा था युवक, ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने जड़ दिया थप्पड़; VIDEO वायरल

 Published : May 27, 2026 01:51 pm IST,  Updated : May 27, 2026 02:21 pm IST

जलते ट्रक का वीडियो बना रहे युवक को ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवक ने इंसाफ की मांग की है, जबकि पुलिसकर्मी ने थप्पड़ मारने के आरोप से इनकार किया है।

Gurugram traffic police video, truck fire Gurugram, viral slap video- India TV Hindi
युवक का आरोप है कि जब वह जलते ट्रक का वीडियो बना रहा था तब ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसे पीटा। Image Source : X.COM/D89351C237E543E

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में सड़क किनारे जल रहे ट्रक का वीडियो बना रहे एक युवक को ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरीदाबाद निवासी विशाल, जो CCTV इंस्टॉलेशन और रिपेयरिंग का काम करता है, ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसे वीडियो बनाने से रोका, थप्पड़ मारा और आग बुझाने के लिए पानी की बाल्टी लाने को कहा।

'ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने मुझे थप्पड़ मार दिया'

विशाल के मुताबिक, वह मंगलवार दोपहर काम के सिलसिले में गुरुग्राम आया था। करीब 3 बजे वह घाटा इलाके से गुजर रहा था, तभी उसने सड़क किनारे एक ट्रक में आग लगी देखी। विशाल ने बताया, 'आग देखकर मैंने बाइक रोकी और मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। तभी ड्यूटी पर मौजूद एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी मेरे पास आया और मुझे थप्पड़ मार दिया।' उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने पूछा कि वह वीडियो क्यों बना रहा है और फिर आग बुझाने के लिए पानी की बाल्टी लाने को कहा।

पुलिसकर्मी का एक और वीडियो सामने आया

विशाल ने कहा, 'मैंने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली और बाद में इंसाफ की मांग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया।' हालांकि, आरोपों में घिरे ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने युवक को थप्पड़ मारने से इनकार किया है। उसका कहना है कि उसने केवल युवक से मदद मांगी थी। इस बीच, उसी पुलिसकर्मी का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें वह जलते हुए ट्रक पर चढ़कर आग बुझाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसीपी ट्रैफिक सतपाल सिंह ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।