चंडीगढ़ः हरियाणा में भीषण गर्मी की वजह से स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां समय से पहले कर दी गई हैं। सरकार ने भीषण गर्मी के बीच 25 मई से 30 जून तक सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह निर्णय पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी के मद्देनजर लिया। राज्य के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।
हरियाणा में 2024 में भी मई के अंत में भीषण गर्मी पड़ी थी और प्रदेश सरकार ने उस समय 28 मई से 30 जून तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा की थी। हरियाणा में अधिकतर स्कूल आमतौर पर एक जून से 30 जून के बीच गर्मी की छुट्टियों के लिए बंद रहते हैं।
23 मई तक स्कूल खुलने के समय में बदलाव
वहीं, प्रदेश के कई जिलों में सभी सरकारी और निजी स्कूल अगली सूचना तक सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे। हीटवेव अलर्ट के मद्देनजर ये फैसला लिया गया है। प्रदेश में 23 मई के बाद सभी स्कूल जून तक बंद रहेंगे।
शिक्षकों के मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों को स्कूल के समय के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी। मुख्यमंत्री सैनी ने स्पष्ट किया कि कक्षाओं के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करने से छात्रों का ध्यान भटकता है, इसलिए इसे रोका जाना चाहिए।
सामाजिक जिम्मेदारी और श्रम के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने के लिए, हरियाणा के स्कूलों के पाठ्यक्रम में "श्रमदान" (स्वैच्छिक सामुदायिक कार्य) को शामिल किया जाएगा। इस पहल में बागवानी और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्य शामिल होंगे, जिन्हें छात्रों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाएगा।
हरियाणा में लू का अलर्ट
दरअसल हरियाणा में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग (IMD) ने हरियाणा के लिए 'ऑरेंज' हीटवेव अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, सात शहरों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। फरीदाबाद में तापमान 47.3°C और रोहतक में 46.9°C दर्ज किया गया है।