झज्जर। झज्जर जिले के करोधा गांव के पास शुक्रवार शाम पुलिस के साथ हुई गोलीबारी में एक हत्या का आरोपी मारा गया। ऑपरेशन के दौरान हरियाणा पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर के हाथ में भी गोली लगी। मरने वाले की पहचान बिरधाना गांव के रहने वाले संजय के तौर पर हुई है, जो दुजाना गांव के विजय सैनी की हत्या के मामले में वॉन्टेड था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि संजय किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव कडोधा के पास रणखंडा रोड पर घेराबंदी की, जहां बदमाश और पुलिस के बीच आमना-सामना हो गया।
मुठभेड़ के दौरान सब इंस्पेक्टर को लगी गोली
बताया गया है कि पुलिस को देखते ही संजय ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बदमाश संजय को तुरंत नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मुठभेड़ के दौरान सब इंस्पेक्टर संयम के बाजू में गोली लगी, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचा ली। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

विजय हत्याकांड का मुख्य आरोपी था संजय
संजय अपनी पत्नी और दुजाना निवासी विजय सैनी की हत्या का मुख्य आरोपी था। लंबे समय से फरार चल रहे संजय की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी और वह पुलिस के सिरदर्द का कारण बना हुआ था।
डीसीपी धारणा यादव ने दी ये जानकारी
डीसीपी धारणा यादव ने पुलिस मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाश द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें वह घायल हुआ। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में आगे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के दौरान एक सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मियों को गोली लगी। सब इंस्पेक्टर संयम बाजू में गोली लगने से घायल हो गए जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों का बचाव बुलेटप्रूफ जैकेट ने किया। गिरफ्तारी न होने के चलते संजय पुलिस के लिए सर दर्द बना हुआ था।
ये भी पढ़ेंः जठलाना में रिटायर्ड इंजीनियर की हत्या, घर में खून से लथपथ मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
रिपोर्टृ- सुनील कुमार