1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. बुलेट को अवैध तरीके से मोडिफाई कराने और नंबर प्लेट नहीं होने पर कटा 51 हजार 500 का चालान, पुलिस ने उठक-बैठक भी कराई

बुलेट को अवैध तरीके से मोडिफाई कराने और नंबर प्लेट नहीं होने पर कटा 51 हजार 500 का चालान, पुलिस ने उठक-बैठक भी कराई

 Edited By: Vinay Trivedi @JournoVinay
 Published : Jul 12, 2026 06:18 pm IST,  Updated : Jul 12, 2026 06:24 pm IST

करनाल में बुलेट की 'दहाड़' एक युवक पर भारी पड़ गई। ट्रैफिक पुलिस ने करनाल में मोडिफाई की गई बुलेट पर 51 हजार 500 रुपये का चालान काटा। बुलेट में प्रेशर हॉर्न भी था लेकिन नंबर प्लेट नहीं थी।

Karnal Bullet bike challan- India TV Hindi
करनाल में ट्रैफिक नियमों को तोड़ने पर कटा 51 हजार 500 का चालान। Image Source : REPORTERS INPUT

हरियाणा के करनाल में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले एक युवक को अपनी लापरवाही और अभद्र व्यवहार की बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। पुरानी सब्जी मंडी के पास ट्रैफिक पुलिस ने मोडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिल चला रहे युवक का 51 हजार 500 रुपये का चालान कर दिया। बाइक पर अवैध प्रेशर हॉर्न, पटाखे वाला साइलेंसर और नंबर प्लेट नहीं लगी थी। कार्रवाई के बाद युवक ने कैमरे के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और अन्य युवाओं से भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की।

अवैध मोडिफिकेशन बना कार्रवाई की वजह

जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि युवक की बुलेट मोटरसाइकिल में नियमों के विरुद्ध प्रेशर हॉर्न और पटाखे वाला साइलेंसर लगाया गया था। इतना ही नहीं, बाइक बिना नंबर प्लेट के सड़क पर दौड़ रही थी। यह सभी खामियां मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन हैं, जिसके चलते पुलिस ने नियमानुसार सख्त कार्रवाई करते हुए भारी-भरकम चालान किया।

पुलिस से अभद्रता ने बढ़ाई मुश्किलें

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जब युवक को जांच के लिए रोका गया तो उसने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। बाद में जब ट्रैफिक थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई। इसके बाद पुलिस ने सभी उल्लंघनों को शामिल करते हुए कुल 51 हजार 500 रुपये का चालान काटा और कानून का सख्ती से पालन कराया।

कैमरे पर माफी, युवाओं को दिया संदेश कार्रवाई के बाद युवक

आरोपी राजेंद्र ने कैमरे के सामने अपनी गलती स्वीकार की। राजेंद्र ने कहा कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना गलत है और किसी भी वाहन में अवैध मोडिफिकेशन नहीं करवाना चाहिए। विशेष रूप से प्रेशर हॉर्न और पटाखे वाले साइलेंसर लगाने से बचना चाहिए। साथ ही, उसने युवाओं से पुलिस-कानून का सम्मान करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों के पालन की अपील

वहीं, ट्रैफिक पुलिसकर्मी दुष्यंत रमन ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक नियमों का पालन करें, अपने वाहनों में अवैध बदलाव न करवाएं और पुलिस के साथ सम्मानजनक व्यवहार रखें। सड़क पर जिम्मेदारी और अनुशासन ही सुरक्षित यात्रा की सबसे बड़ी गारंटी है। हाल ही में हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने बिना हेलमेट के आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को रोका तो पाया कि उसकी बाइक के 107 चालान पेंडिंग थे। इन सभी चालान की कुल कीमत करीब 2 लाख 36 हजार रुपये पहुंच चुकी थी।

(इनपुट- अमित भटनागर)

ये भी पढ़ें- गुरुग्राम: एक बाइक पर 81 चालान, कुल रकम ₹11.89 लाख, 2 दिन में जब्त हुए 1100 वाहन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।