1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. ₹10 के लिए सब्जी वाले को बेटियों के सामने पीट-पीटकर मार डाला, दोनों आरोपी गिरफ्तार, सीएम सैनी ने किया इंसाफ दिलाने का वादा

₹10 के लिए सब्जी वाले को बेटियों के सामने पीट-पीटकर मार डाला, दोनों आरोपी गिरफ्तार, सीएम सैनी ने किया इंसाफ दिलाने का वादा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 30, 2026 06:59 pm IST,  Updated : May 30, 2026 06:59 pm IST

पुलिस ने सब्जीवाले की हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सीएम सैनी ने मृतक की बेटियों को इंसाफ दिलाने की बात कही है। घटना मंगलवार रात हुई थी।

Karnal- India TV Hindi
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी Image Source : REPORTER INPUT

करनाल में 10 रुपए के लिए सब्जी विक्रेता की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने अब इस मामले में दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पहले आरोपी को गिरफ्तार करके कोर्ट भेजा गया और 3 दिन के रिमांड लिया गया। अब पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिसे पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। इन दोनों आरोपियों ने 10 रुपए के लिए बेटियों के सामने पिता संजय की पीट पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में सीएम सैनी ने भी बेटियों को इंसाफ का आश्वासन दिया था। अब इस मामले में दोनों आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। 

मामला करनाल के गांव बूढ़ाखेड़ा का है। यहां दुकान पर सब्जी खरीदने आए दो युवकों ने 10 रुपये को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद बुजुर्ग दुकानदार पर हमला कर दिया था। आरोप है कि युवकों ने डंडों और ईंटों से हमला कर बुजुर्ग को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार सदमे में है और गांव में भी आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

मंगलवार रात की घटना

मृतक की बेटी शिवानी के अनुसार उसके पिता संजय सैनी गांव की मुख्य सड़क के पास नाले किनारे फूड और सब्जी की दुकान चलाते थे। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी मां और बहनों के साथ दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान दो युवक दुकान पर आए और करीब 210 रुपये का सामान खरीदने के बाद केवल 200 रुपये देकर जाने लगे। जब परिवार ने बाकी 10 रुपये मांगे तो दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर संजय सैनी बीच में आए और युवकों को लड़कियों से बदतमीजी करने से रोका। आरोप है कि इसी बात पर युवकों ने संजय सैनी को धक्का दे दिया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। झगड़ा बढ़ता देख संजय सैनी की बेटी सलौनी अपने पिता को बचाने के लिए आगे आई। उसने डंडा उठाकर आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने वही डंडा छीनकर उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मां अनु सैनी के साथ भी मारपीट की गई। परिवार का आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक और उग्र हो गए और उन्होंने संजय सैनी के सिर पर डंडों और ईंटों से कई वार किए।

अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गए संजय सैनी 

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन संजय सैनी को पहले करनाल के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मेडिकल रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों का जिक्र किया गया है, जिनमें सिर की चोट सबसे गंभीर बताई गई। रोते-बिलखते परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बेटियों का कहना है कि मामूली सी बात पर उनके पिता की जान ले ली गई। परिवार में चार बेटियां हैं और संजय सैनी ही पूरे परिवार का सहारा थे। बेटियों ने बताया कि आरोपियों ने पहले बदतमीजी की और फिर विरोध करने पर बेरहमी से हमला कर दिया।

(करनाल से अमित भटनागर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

हरियाणा में कुछ बड़ा होने वाला है! खास इलाके को घोषित किया गया 'Danger Zone', लोगों से घरों में रहने की अपील

गुरुग्राम: जोयालुक्कास ब्रिलिएंस डायमंड ज्वेलरी शो शुरू, 14 जून तक मिलेंगे शानदार ऑफर, मेकिंग चार्ज पर 40% की छूट

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।