1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. कुरूक्षेत्र में बोले केजरीवाल- प्रधानमंत्री चुनने के चक्कर में न पड़ें, काम करने वाले सांसद को वोट दें

कुरूक्षेत्र में बोले केजरीवाल- प्रधानमंत्री चुनने के चक्कर में न पड़ें, काम करने वाले सांसद को वोट दें

 Published : Mar 10, 2024 04:15 pm IST,  Updated : Mar 10, 2024 05:32 pm IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस बार गलती मत करना। प्रधानमंत्री चुनने के चक्कर में न पड़ें; अपने सांसदों को चुनने के लिए वोट करें।

Arvind Kejriwal- India TV Hindi
कुरूक्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते अरविंद केजरीवाल Image Source : ANI

हरियाणा के कुरूक्षेत्र में आज एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस बार गलती मत करना। प्रधानमंत्री चुनने के चक्कर में न पड़ें; अपने सांसदों को चुनने के लिए वोट करें। ऐसा सांसद चुनें जो कठिन समय में आपके लिए काम करे। केजरीवाल ने आगे कहा, "कुरूक्षेत्र में तो ऐतिहासिक धर्मयुद्ध लड़ा गया था... ये धर्म और अधर्म के बीच की लड़ाई है। कौरवों के पास क्या कुछ नहीं था? सारी शक्ति थी, सारा धन-धान्य था। पांडवों के पास क्या था? भगवान श्री कृष्ण उनके पास थे... आज हमारे साथ क्या है? भगवान श्री कृष्ण हमारे साथ हैं। उनके(भाजपा) पास सबकुछ है... आप लोगों को तय करना है कि आप धर्म के साथ हैं या अधर्म के।"

"इब्बकै INDIA को जिताणा"

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की कुरुक्षेत्र से लोकसभा चुनाव के लिए कैंपेन की शुरुआत कर दी। दरअसल, इंडिया गठबंधन की सीट शेयरिंग के तहत आम आदमी पार्टी को 10 लोकसभा सीट में से एक कुरुक्षेत्र सीट मिली है। कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी ने पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्ता को मैदान में उतारा है। अरविंद केजरीवाल की इस जनसभा के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे। कुरुक्षेत्र में लोकसभा चुनाव के लिए केजरीवाल ने नारा दिया,'बदलेंगे कुरुक्षेत्र, बदलेंगे हरियाणा, इब्बकै INDIA को जिताणा।'

"देशभक्त मेरे साथ आओ, अंधभक्त हैं उनके साथ जाओ"

कुरूक्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, "इस बार गलती मत कर देना... इस चक्कर में मत पड़ना कि हमको प्रधानमंत्री बनाना है। बाकी लोग प्रधानमंत्री बना लेंगे, हम तो अपना सांसद बनाएंगे। संसद में अपना आदमी भेजो... प्रधानमंत्री बनाने के चक्कर में मत रहना। भाजपा वाले कभी व्यापारियों किसानों, बेरोजगारों की आवाज नहीं बन सकते। आज देश में दो तरह के लोग हैं, या तो देशभक्त है या तो अंधभक्त हैं। जितने देशभक्त हैं वह मेरे साथ आ जाओ... जितने अंधभक्त हैं वो उनके साथ चले जाओ।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।