1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, स्पोर्ट्स बाइक से आए बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, स्पोर्ट्स बाइक से आए बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 14, 2025 02:46 pm IST,  Updated : Jun 14, 2025 02:56 pm IST

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम अज्ञात हमलावरों ने एक शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शांतनु के रूप में हुई है।

शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या - India TV Hindi
शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या Image Source : INDIA TV

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद कस्बे में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनीपत निवासी शांतनु के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ वर्षों से शाहाबाद और आसपास के इलाकों में शराब के ठेके चला रहा था। हाल ही में उसने 18 ठेके करीब 19 करोड़ रुपये में लिए थे।

बदमाशों ने पिस्टल से की ताबड़तोड़ 8 राउंड फायरिंग 

जानकारी के अनुसार, शांतनु कार से चंडीगढ़ जा रहा थे और सिगरेट लेने के लिए मीना मार्केट में रुके थे। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ 8 राउंड फायरिंग की, जिनमें से 7 गोलियां शांतनु को लगीं। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

काला राणा गैंग से जुड़े थे बदमाश

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राहगीरों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए। आरोपी बाइक मौके पर छोड़ गए और थोड़ी दूर जाकर एक राहगीर से बाइक लूटकर फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार, बदमाशों का संबंध काला राणा गैंग से बताया जा रहा है और रंगदारी को लेकर धमकी मिलने की बात भी सामने आई है। जानकारी यह भी है कि 12 जून तक हाईवे पर ठेके चलाने की अनुमति थी और शांतनु इन दिनों उन्हें शहर के भीतर शिफ्ट कराने में लगे हुए थे। 

स्पोर्ट्स बाइक से आए बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग 

पुलिस ने बताया कि हमलावर स्पोर्ट्स बाइक पर सवार थे। एसपी नितीश अग्रवाल ने बताया कि मृतक मूल रूप से झज्जर जिले के एक गांव का रहने वाला था और कुछ समय से शाहाबाद में रह रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच दल ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं, दुकानदारों से पूछताछ की गई है और मीना मार्केट सहित आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले में सफलता मिलने की उम्मीद है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश से सटी सीमाओं पर जांच सख्त कर दी गई है। अंबाला, साहा और बराड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में कई पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या शराब व्यापार से जुड़े विवाद की आशंका जताई गई है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।