महेंद्रगढ़ शहर के मोहल्ला कायमपुरा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी बेटे ने भी कुएं में छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला कायमपुरा निवासी पैंतालीस वर्षीय सुनील कुमार ने अपनी सत्तर वर्षीय मां ब्रह्मादेवी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मां की हत्या करने के बाद सुनील कुमार सब्जी मंडी के पास शंकर भगवान मंदिर के नजदीक स्थित कुएं में कूद गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
सुनील नशे का आदी था
पड़ोसियों के अनुसार सुनील नशे का आदी था और अक्सर अपनी मां के साथ मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि वह अविवाहित था। घटना की सूचना मिलने पर एएसपी फैजल खान भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
एएसपी फैजल खान ने बताया कि पुलिस को एक व्यक्ति के कुएं में आत्महत्या की कोशिश की सूचना मिली थी, इसके बाद उक्त व्यक्ति के घर गए तो मां का शव पड़ा मिला, जिसके चोट के निशान भी थे। इस मामले में दोनों की मौत हो चुकी है और पुलिस टीम कार्यवाही में जुटी हुई है।
नूंह में मुठभेड़ के बाद गोतस्कर गिरफ्तार
वहीं, नूंह जिले की पुलिस ने नूंह-उटावड़ रोड पर जयसिंहपुर गांव के पास मुठभेड़ के बाद एक कथित गोतस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। आरोपी हमास खान उटावड़ गांव निवासी है और उसे उपचार के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम ने एक वैन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन से बैरिकेड में कथित तौर पर टक्कर मारने के बाद पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी। पुलिस के अनुसार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में खान के पैर में गोली लगी जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
रिपोर्ट- सुनील कुमार