1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. नूंह में दोस्त की हत्या कर शव को हरिद्वार ले गया आरोपी, गंगा नदी में फेंका; जानें क्या थी वजह

नूंह में दोस्त की हत्या कर शव को हरिद्वार ले गया आरोपी, गंगा नदी में फेंका; जानें क्या थी वजह

 Edited By: Amar Deep
 Published : Sep 07, 2025 01:41 pm IST,  Updated : Sep 07, 2025 01:41 pm IST

हरियाणा के नूंह में एक शख्स ने अपने दोस्त की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को हरिद्वार ले जाकर गंगा नदी में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हरिद्वार में फेंका शव।- India TV Hindi
हरिद्वार में फेंका शव। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना शहर में एक डॉक्टर की उसके ही पुराने दोस्त ने कर्ज के विवाद में हत्या कर दी। आरोपी ने डॉक्टर की गला घोंटकर हत्या की। इसके बाद उसके शव को गंगा नदी में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस की टीम शव की तलाश में जुटी हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

मृतक के मोबाइल से भेजा मैसेज

पुलिस के अनुसार, डॉ. विनोद गोयल (60) बीते 28 अगस्त को लापता हो गए थे। उसी दिन उनके कंपाउंडर महेन्द्र को डॉक्टर के मोबाइल से एक संदेश मिला, जिससे परिवार की चिंता कुछ समय के लिए कम हुई। इसके बाद डॉक्टर से कोई संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद डॉक्टर के भाई देवेंद्र गोयल ने तीन सितंबर को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। 

दोनों एक-दूसरे के थे दोस्त

डॉक्टर के कॉल रिकार्ड के मुताबिक पुलिस के संदेह की सुई पूर्व पार्षद दीपक राजस्थानी (42) तक पहुंची। दीपक डॉक्टर का परिचित भी था। पुलिस के अनुसार, विनोद के क्लिनिक, गोयल नर्सिंग होम के सामने दीपक की राजस्थानी बर्तन भंडार नाम से दुकान थी। दोनों को मित्र के तौर पर जाना जाता था और अक्सर साथ में दिखते थे। 

कर्ज की वजह से की हत्या

दोनों के बीच विवाद का कारण एक कर्ज बताया गया है, जिसकी राशि विभिन्न दावों के अनुसार या तो 40 लाख रुपये थी या 23 लाख रुपये। बताया जाता है कि यह राशि विनोद ने दीपक को दी थी। पुलिस ने 5 सितंबर को दीपक को गिरफ्तार किया और उससे अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस के अनुसार, देवेंद्र ने आरोप लगाया कि दीपक पर डॉ. गोयल का 40-45 लाख रुपये बकाया था, जबकि दीपक का कहना है कि रकम 23 लाख रुपये है। 

शव फेंकने गया हरिद्वार

पुन्हाना थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया, ‘‘आरोपी दीपक ने कबूल किया कि उसने 28 अगस्त को कार में रस्सी से चिकित्सक का गला घोंट दिया। इसके बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए एक सहयोगी के साथ हरिद्वार ले जाकर चिकित्सक का शव गंगा नदी में फेंक दिया।’’ उन्होंने बताया कि दीपक ने जांच को गुमराह करने के लिए डॉक्टर के मोबाइल से कंपाउंडर को मैसेज भी भेजा था। 

शव की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस की टीम डॉक्टर के शव की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, विधायक मोहम्मद इलियास और उनके पूर्ववर्ती नसीम अहमद ने शव बरामद होने तक थाने पर धरना देने की घोषणा की। थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘हम मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं और जिस स्थान पर शव फेंके जाने की बात सामने आई है, वहां तलाश जारी है।’’ (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।